पब्लिक मंच नेटवर्क, डबवाली (रवि मोंगा)
आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों की शिक्षा को सहयोग देने के उद्देश्य से वरच्युस क्लब द्वारा संचालित 'वरच्युस बुक बैंक' आज सैकड़ों विद्यार्थियों के लिए आशा का केंद्र बन चुका है। यहां से निशुल्क किताबें प्राप्त कर अनेक बच्चे अपनी पढ़ाई जारी रखते हुए बेहतर भविष्य की ओर बढ़ रहे हैं। इस वर्ष घोषित बोर्ड परीक्षा परिणामों में भी बुक बैंक से लाभान्वित कई विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मेरिट सूची में स्थान बनाया है।
क्लब प्रधान बीर चंद गुप्ता ने बताया कि बुक बैंक का उद्देश्य ऐसे विद्यार्थियों तक सहायता पहुंचाना है जो आर्थिक कारणों से महंगी किताबें खरीदने में सक्षम नहीं हैं। शिक्षा हर बच्चे का अधिकार है और कोई भी विद्यार्थी संसाधनों की कमी के कारण पढ़ाई न छोड़े, इसी सोच के साथ इस अभियान की शुरुआत की गई थी।
बुक बैंक प्रकल्प प्रमुख सोनू बजाज एवं समिति सदस्य रमेश सेठी ने बताया कि समाजसेवियों एवं क्लब सदस्यों के सहयोग से जरूरतमंद बच्चों को नई व पुरानी किताबें उपलब्ध करवाई जाती हैं। उन्होंने बताया कि समिति में बीरचंद गुप्ता, पवन दुरेजा तथा प्रवीण कुमार भी शामिल हैं। विद्यार्थियों की सफलता से उत्साहित समिति अब इस प्रकल्प का दायरा और बढ़ाने पर विचार कर रही है। इस बुक बैंक से लाभान्वित विद्यार्थियों में तान्या (96 प्रतिशत), आरजू (95 प्रतिशत), कीर्ती (95 प्रतिशत), नवदीप (95 प्रतिशत), अनिका (94 प्रतिशत), कशिश (93 प्रतिशत), हिमांशी (92 प्रतिशत), कशिश (91 प्रतिशत), नंदिनी (90 प्रतिशत) तथा रिया (90 प्रतिशत) सहित अनेक बच्चों ने 80 से 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
जानकारी देते हुए क्लब पी.आर.ओ. भारत वधवा ने बताया कि संस्थापक केशव शर्मा के मार्गदर्शन में पिछले तीन वर्षों के दौरान 500 से अधिक विद्यार्थियों को निशुल्क किताबें उपलब्ध करवाई जा चुकी हैं। इस वर्ष 31 बच्चों को नए पुस्तक सेट प्रदान किए जा चुके हैं, जबकि 21 अन्य विद्यार्थियों को शीघ्र ही किताबें उपलब्ध करवाई जाएंगी। रेलवे डिग्गी रोड स्थित वरच्युस भवन में संचालित बुक बैंक प्रत्येक शुक्रवार और शनिवार शाम 6 से 7 बजे तक खुला रहता है, जहां 9वीं से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थी निशुल्क किताबें प्राप्त कर सकते हैं।
इस दौरान समिति सदस्य संजीव शाद एवं नरेश शर्मा ने निशुल्क कोचिंग प्रदान करने वाले श्री बाला जी इंस्टीच्यूट का भी दौरा किया। वहां संचालक परमजीत कोचर की उपस्थिति में विद्यार्थियों को बुक बैंक योजना की जानकारी दी गई तथा आवश्यकता पड़ने पर इसका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
