पब्लिक मंच नेटवर्क, डबवाली । (रवि मोंगा)
दीपावली के उल्लास के बीच मॉडर्न मॉन्टेसरी कॉन्वेंट स्कूल में नन्हे-मुन्नों से लेकर आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा के रंग बिखेरे। स्कूल में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में कहीं आकर्षक दीये सजे तो कहीं रंगोलियों ने मन मोह लिया। बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बेकार समझी जाने वाली वस्तुओं से उपयोगी और कलात्मक चीजें बनाकर अपनी कल्पनाशीलता का परिचय दिया। वहीं, डिश मेकिंग प्रतियोगिता में अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
स्कूल की प्रिंसिपल डिंपल मिड्ढा ने कहा कि त्योहार केवल खुशियां मनाने का अवसर नहीं, बल्कि बच्चों को अपनी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों से जोड़ने का माध्यम भी हैं। ऐसी गतिविधियां बच्चों की रचनात्मक सोच को बढ़ावा देने के साथ उनमें आत्मविश्वास, सहयोग और कुछ नया सीखने की भावना विकसित करती हैं।
प्री-नर्सरी से यूकेजी तक के बच्चों के अभिभावकों के लिए डिश मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें नर्सरी के विवान का मिक्स वेज पिज्जा, भूपेन प्रताप का कोकोनट स्नोमैन और रणवीर का कोकोनट बर्फी, प्री-नर्सरी के केशव के स्नैक्स व फ्रूट चाट तथा एलकेजी के सिमोन के कोल्ड सैंडविच ने शीर्ष पांच प्रतिभागियों में स्थान बनाया।
दीया डेकोरेशन में 11 विद्यार्थियों का चयन:
पहली से पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के बीच दीया डेकोरेशन प्रतियोगिता करवाई गई। इसमें चौथी कक्षा की हितांशी, दूसरी कक्षा के मनन व रवि, पांचवीं कक्षा की सखीप्रीत, तीसरी कक्षा के रेहान, तीसरी कक्षा की भावना, दूसरी कक्षा की दानिशा, पांचवीं कक्षा के मिकुल, तीसरी कक्षा के क्षितिज, तीसरी कक्षा की एकमनूर, पहली कक्षा की आयत और तीसरी कक्षा की मन्नत ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इस मौके पर सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी परमजीत कोचर ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ रचनात्मक गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाती हैं। ऐसी प्रतियोगिताओं से बच्चों को अपनी कल्पनाओं को साकार करने और नई चीजें सीखने का अवसर मिलता है।
बेकार वस्तुओं से बनाई आकर्षक कलाकृतियां:
छठी से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें सातवीं कक्षा के हरजोत ने वॉल हैंगिंग, आठवीं कक्षा के नवदीप ने प्लांट हैंगिंग, सातवीं कक्षा के गुरप्रीत ने डॉल क्ले, आठवीं कक्षा के आदित्य ने दीया वॉल हैंगिंग, दक्ष ने स्कूल लोगो, काव्या ने बैंगल्स वॉल हैंगिंग और डिंपल ने मटकी डॉल विद दीया बनाकर अपनी प्रतिभा दिखाते हुए टॉप-7 में स्थान बनाया।
रंगोली प्रतियोगिता में भी दिखा हुनर:
रंगोली प्रतियोगिता में सातवीं कक्षा की फलक, आठवीं कक्षा के आदित्य व सात्विक, आठवीं कक्षा की गरिमा, सातवीं कक्षा की दीपांशी, आठवीं कक्षा की अर्शप्रीत, सातवीं कक्षा की जसनूर और छठी कक्षा की राधिका ने आकर्षक रंगोलियां बनाकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से स्कूल परिसर में दीपावली का उत्साह और रचनात्मकता का अनूठा संगम देखने को मिला।
दीपावली पर मास्टर माइंड किंडर गार्टन प्ले स्कूल में डिश मेकिंग प्रतियोगिता, रुतवी प्रथम
प्रतियोगिता में नर्सरी कक्षा की रुतवी ने प्रथम, यूकेजी की लावण्या ने द्वितीय और नूर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, गर्विता और भूमि को सांत्वना पुरस्कार के लिए चुना गया।
इस अवसर पर प्रबंधक कमेटी के सदस्य अंकुर मिड्ढा और स्वीटी मिड्ढा ने बच्चों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सहभागिता की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने कहा कि त्योहारों के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम बच्चों को खुशियां बांटने और अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान करते हैं।


