पब्लिक मंच, डबवाली (रवि मोंगा)
पंजाब यूनिवर्सिटी की एल्युमनाई एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने आज शनिवार को चंडीगढ़ से गांव सकताखेड़ा पहुंचकर विश्वविद्यालय के सबसे पुराने पूर्व छात्र सही राम बिश्नोई (104 वर्ष) को सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार प्रो. वाई. पी. वर्मा, एसोसिएशन की डीन प्रो. लतिका शर्मा, प्रो. दिनेश बिश्नोई, डा.जयदेव बिश्नोई और प्रो. अर्चना चौहान शामिल थे। उन्होंने सही राम बिश्नोई जी को गुलदस्ते भेंट करने उपरांत शाल ओढ़ाकर, सम्मानपत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
प्रतिनिधिमंडल ने सही राम बिश्नोई के साथ कुछ समय गुजारा और उनसे उनके छात्र जीवन तथा विभाजन काल के अनुभवों को सुना और यादों को ताजा किया। इस दौरान सही राम जी ने अपनी पढ़ाई, जीवन यात्रा और लंबी उम्र के रहस्य सहित विभाजन के दौरान हुई कठिनाइयों के बारे में भी जानकारी साझा की।
विश्वविद्यालय की ओर से एक अत्यंत असाधारण कदम उठाते हुए यह सम्मान पहली बार किसी पूर्व छात्र के घर जाकर दिया गया, क्योंकि आम तौर पर सम्मान समारोह कैंपस में आयोजित होते हैं। इस निर्णय के पीछे सही राम जी की उम्र और उनके योगदान की ऐतिहासिक महत्ता को ध्यान में रखा गया है। प्रो लतिका शर्मा ने बताया कि यूनिवर्सिटी में सही राम जी का सहपाठी 103 वर्षीय है जो अब पाकिस्तान में है।
बिश्नोई सभा सचिव इंद्रजीत बिश्नोई ने बताया कि वयोवृद्ध सही राम बिश्नोई जी न केवल पंजाब यूनिवर्सिटी के सबसे पुराने जीवित पूर्व छात्र हैं, बल्कि वे अविभाजित पंजाब के सबसे वरिष्ठ जीवित पूर्व विधायक भी हैं। उन्होंने पहले पंजाब यूनिवर्सिटी, लाहौर, में कानून की पढ़ाई शुरू की थी और विभाजन के बाद ईस्ट पंजाब यूनिवर्सिटी, सोलन (जो आगे चलकर आज का पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ बना) में अपनी डिग्री पूरी की। उनके शैक्षणिक और सार्वजनिक जीवन का सफर विश्वविद्यालय की ऐतिहासिक यात्रा के समानांतर रहा। सहीराम जी धारणिया ने सभी मेहमानों का धन्यवाद किया।
इस अवसर पर सही राम बिश्नोई के परिवार और गांव के प्रतिष्ठित नागरिकों के अलावा हिसार से अखिल भारतीय बिश्नोई महासभा के उपाध्यक्ष सुभाष कुमार देहडू, महासभा के उपाध्यक्ष एडवोकेट सोम प्रकाश सीगड़ जंडवाला बिश्नोइयां, सरदार जगरूप सिंह, देशकमल सीगड़ (लॉर्ड शिवा कॉलेज, सिरसा के महानिदेशक), राजेश कुमार धारणिया, रघुवीर धारणिया, उमेद कुमार धारणिया, पूर्व सरपंच यादविन्द्र, पूर्ण धनेरवा, सन्दीप कुमार रोहज, सुशील कुमार धायल, सुधीर कुमार धारणिया, रवि कुमार रोहज, और शेषकरण धारणिया आदि गणमान्य मौजूद रहे। साथ ही बार एसोसिएशन डबवाली से एडवोकेट राजीव स्वामी भी उपस्थित रहे।

