महाराणा प्रताप महिला महाविद्यालय, मंडी डबवाली की छात्राओं ने एक बार फिर उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन कर संस्थान का नाम रोशन किया है।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. वनिता गुप्ता ने हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि एम.ए. हिंदी द्वितीय वर्ष की छात्रा प्रियंका (पुत्री श्री प्रकाश चन्द्र) ने चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा द्वारा घोषित तृतीय सेमेस्टर के परिणाम में 85.67 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विश्वविद्यालय में सातवां स्थान हासिल किया।
इसी प्रकार बी.ए. तृतीय वर्ष की प्रतिभावान छात्रा किरणदीप कौर (पुत्री मानसिंह) ने पंचम सेमेस्टर के परिणाम में 89.25 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय को गौरवान्वित किया। वहीं कशिश (पुत्री जगदीश कुमार) ने 86.75 प्रतिशत अंक अर्जित कर विश्वविद्यालय में चौथा स्थान हासिल किया।
छात्राओं की इस शानदार उपलब्धि पर महाविद्यालय प्रबंधक समिति के प्रधान डॉ. गिरधारी लाल गर्ग, उपप्रधान नरेश मित्तल तथा प्राचार्या डॉ. वनिता गुप्ता ने छात्राओं, उनके अभिभावकों एवं प्राध्यापिकाओं को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि छात्राओं की मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
