पब्लिक मंच नेटवर्क, डबवाली (रवि मोंगा)
सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता फैलाने की दिशा में एक सराहनीय कदम उठाते हुए लायंस क्लब सुप्रीम ने एनपीएस स्कूल में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों पर एक प्रभावशाली जागरूकता सत्र आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन को सुरक्षित एवं जिम्मेदार यातायात व्यवहार के प्रति प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ट्रैफिक पुलिस के एसएचओ विजेंदर गिल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए यातायात नियमों के पालन की अनिवार्यता पर जोर दिया। उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट के नियमित उपयोग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने और सतर्कता बरतने के महत्व को विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि जीवन की रक्षा का संकल्प है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए लायंस क्लब सुप्रीम के अध्यक्ष लायन आशीष मेहता ने लायंस इंटरनेशनल की सामाजिक सेवा भावना को रेखांकित किया और विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनकर सड़क सुरक्षा के संदेश को समाज में फैलाने के लिए प्रेरित किया।
पीआरओ लायन गुरदीप कामरा ने वर्तमान समय में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि लापरवाही और नियमों की अनदेखी इसके प्रमुख कारण हैं, जिन्हें जागरूकता के माध्यम से कम किया जा सकता है। वहीं, सचिव लायन समर्थ चावला ने युवाओं को प्रारंभिक स्तर पर ही यातायात नियमों की जानकारी देने की आवश्यकता पर बल दिया।
मुख्य वक्ता आरज़ू तंवर ने अपने संबोधन में सड़क सुरक्षा के व्यावहारिक उपायों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को स्वयं नियमों का पालन करने और दूसरों को भी प्रेरित करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में संवादात्मक सत्र, वास्तविक जीवन के उदाहरण और प्रश्नोत्तर गतिविधियों ने विद्यार्थियों को सक्रिय रूप से जोड़े रखा। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सड़क सुरक्षा के प्रति अपनी जागरूकता का परिचय दिया। इस अवसर पर वेद प्रकाश भारती, चंद्रकांता भारती, प्रधानाचार्य सुमित भारती तथा उप प्रधानाचार्य बलजिंदर कौर उपस्थित रहे।


