पब्लिक मंच नेटवर्क, डबवाली (रवि मोंगा)
पंजाब स्कूल खेलों 2026-27 की ज़ोन स्तरीय प्रतियोगिताओं में ईस्टवुड इंटरनेशनल स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 55 स्वर्ण, 11 रजत एवं 6 कांस्य सहित कुल 72 पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यालय के 234 खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में भाग लिया, ज़ोनल स्तर पर शानदार प्रदर्शन के बाद ईस्टवुड के 125 खिलाड़ी अब जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में चुनौती पेश करेंगे।
सबसे प्रभावशाली प्रदर्शन बॉक्सिंग, किक बॉक्सिंग और कराटे में देखने को मिला। बॉक्सिंग में अंडर-14 बालक वर्ग ने 7 स्वर्ण तथा अंडर-17 बालक वर्ग ने 8 स्वर्ण पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। किक बॉक्सिंग में अंडर-14 बालिका वर्ग ने 5 स्वर्ण, अंडर-17 बालिका वर्ग ने 7 स्वर्ण एवं 3 रजत, अंडर-14 बालक वर्ग ने 5 स्वर्ण, जबकि अंडर-17 एवं अंडर-19 बालक वर्ग ने एक-एक स्वर्ण पदक अपने नाम किए। कराटे में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-14 बालक वर्ग में 4 स्वर्ण, 1 रजत एवं 1 कांस्य, अंडर-14 बालिका वर्ग में 7 स्वर्ण, 1 रजत एवं 1 कांस्य तथा अंडर-17 बालिका वर्ग में 1 स्वर्ण, 2 रजत एवं 1 कांस्य पदक जीतकर विद्यालय की उपलब्धियों में उल्लेखनीय योगदान दिया।
टीम प्रतियोगिताओं में भी ईस्टवुड के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। क्रिकेट में अंडर-17 बालक टीम ने स्वर्ण तथा अंडर-19 टीम ने कांस्य पदक जीता। फुटबॉल में अंडर-19 बालक टीम ने स्वर्ण, जबकि अंडर-17 टीम ने कांस्य पदक अपने नाम किया। बैडमिंटन में बालक वर्ग ने अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 तीनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर क्लीन स्वीप किया, वहीं बालिका वर्ग ने अंडर-14 एवं अंडर-17 में रजत पदक हासिल किए।
अन्य प्रतियोगिताओं में भी विद्यालय के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। स्केटिंग में अंडर-17 बालिका वर्ग ने स्वर्ण पदक जीता। शतरंज में अंडर-19 बालक वर्ग ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। कुश्ती में अंडर-14 बालिका वर्ग ने स्वर्ण तथा अंडर-17 बालिका वर्ग ने रजत पदक हासिल किया। योग में अंडर-14 बालक वर्ग ने रजत एवं अंडर-14 बालिका वर्ग ने कांस्य पदक जीतकर विद्यालय की उपलब्धियों में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
विद्यालय के डायरेक्टर सरदार संजम सिंह बादल एवं प्राचार्या श्रीमती रूबल सिद्धू ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों तथा जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में खेलने वाले 125 खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, समर्पण और नियमित अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ईस्टवुड इंटरनेशनल स्कूल के खिलाड़ी आगामी जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएंगे।
विद्यालय प्रबंधन ने कोच श्री बलराज सिंह, सुश्री मनदीप कौर, श्रीमती परमजीत कौर, श्रीमती हरप्रीत कौर एवं सुश्री अनु धालीवाल के समर्पित प्रशिक्षण, कुशल मार्गदर्शन एवं अथक प्रयासों की विशेष सराहना की। साथ ही सभी अभिभावकों को हार्दिक बधाई एवं धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके निरंतर सहयोग, विश्वास और प्रोत्साहन ने खिलाड़ियों की इस उल्लेखनीय सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
