पब्लिक मंच नेटवर्क, डबवाली (रवि मोंगा)
सेवा, संस्कार एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को समर्पित लायंस क्लब अक्स की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने एक गरिमामय पारिवारिक समारोह में विधिवत अपने दायित्व ग्रहण किए। क्लब के संस्थापक एवं मार्केट कमेटी डबवाली चेयरमैन के सतीश जग्गा के सानिध्य में प्रधान अरविंदर मोंगा 'टोनू', उपप्रधान शुभम लूना एवं सतीश गर्ग, सचिव दीपक सिंगला, संयुक्त सचिव नवदीप गर्ग, कोषाध्यक्ष धीरज गर्ग, संयुक्त कोषाध्यक्ष कुणाल गर्ग, जनसंपर्क अधिकारी अमन बंसल, अतिरिक्त जनसंपर्क अधिकारी अभय सूर्या सहित समस्त अक्स कार्यकारिणी ने औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण किया।
कार्यभार ग्रहण समारोह के उपरांत अक्स परिवार एवं अक्स नन्हे फरिश्ते टीम के बच्चों ने सिरसा रोड स्थित डेरा सच्चा सौदा कैंटीन परिसर एवं उसके आसपास 21 गमलों सहित पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायी संदेश दिया। इस अवसर पर अक्स परिवार के प्रत्येक सदस्य से जुलाई माह के दौरान कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लेने का भी आह्वान किया गया।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए सतीश जग्गा ने कहा खुशियां बांटने से बढ़ती हैं और तब दुआएं भी बोनस में मिलती हैं। उन्होंने कहा कि यही सेवा का सबसे बड़ा प्रतिफल है। नई कार्यकारिणी का दायित्व ग्रहण हो अथवा पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण, ऐसे प्रत्येक प्रयास समाज को बेहतर बनाने की दिशा में सार्थक कदम हैं। सहयोग, समर्पण, संवेदना और निस्वार्थ सेवा का भाव व्यक्ति के भीतर सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। लायंस क्लब अक्स इन्हीं जीवन मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का निरंतर प्रयास कर रहा है।
नवनिर्वाचित प्रधान अरविंदर मोंगा 'टोनू' एवं फर्स्ट लेडी गगन मोंगा ने कहा कि क्लब का यह लायनिस्टिक वर्ष 'फ्रेटरनिटी ईयर' के रूप में मनाया जाएगा। इसका उद्देश्य परिवारों, मित्रों एवं समाज के बीच आपसी संबंधों को और अधिक सुदृढ़ बनाना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों का माता-पिता से, लोगों का मित्रों से तथा समाज से भावनात्मक जुड़ाव निरंतर कमजोर होता जा रहा है। ऐसे समय में प्रेम, संवाद, अपनत्व एवं पारस्परिक विश्वास को पुनर्जीवित कर स्वस्थ, सौहार्दपूर्ण और आनंदमय सामाजिक वातावरण का निर्माण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
सचिव दीपक सिंगला एवं कोषाध्यक्ष धीरज गर्ग ने कहा कि नई कार्यकारिणी सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों को नई गति प्रदान करेगी। उन्होंने बताया कि अक्स परिवार ने इस वर्ष सदस्यता विस्तार का निर्णय लेते हुए समाजसेवा के प्रति समर्पित पांच नए सदस्यों को क्लब से जोड़ने का निर्णय लिया है, ताकि सेवा कार्यों का दायरा और अधिक व्यापक बनाया जा सके।
जनसंपर्क अधिकारी अमन बंसल ने बताया कि कार्यक्रम में विशेष अतिथि पार्षद विकास शर्मा ने लायंस क्लब अक्स की समाजसेवी गतिविधियों की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि लायंस क्लब अक्स आज डबवाली के पारिवारिक वातावरण, सामाजिक समरसता, भाईचारे और निस्वार्थ सेवा का प्रेरणास्रोत बन चुका है। समाजहित में क्लब द्वारा किए जा रहे कार्य वास्तव में अनुकरणीय हैं।
इस अवसर पर पूर्व प्रधान ऋषि मित्तल, पूर्व सरपंच रणजीत सिंह, डॉ. प्रणव सचदेवा, लक्की गुप्ता, देवांश गर्ग, आशीष सिंगला, मनीष गुप्ता, एनके रामावत, प्रिंस सेठी, रोहित गर्ग, संजय मिढा, उमेश जिंदल, सतीश कुमार सहित अक्स परिवार के अनेक सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। क्लब के सम्मानित सदस्य डॉ. आशीष गर्ग, संदीप चावला, डॉ. ऋषभ मित्तल, कमल कांत, कमल सचदेवा, कोनिक बंसल, लोकेश बंसल, राहुल धमीजा, सरबजीत सिंह एवं सुनील मेहता, जो किन्हीं अपरिहार्य कारणों से इस अवसर पर उपस्थित नहीं हो सके, वे भी अपनी शुभकामनाओं एवं सेवा-भावना के साथ मन से इस आयोजन से जुड़े रहे। नई टीम ने अक्स परिवार के प्रत्येक सदस्य के स्नेह, सहयोग एवं समर्पण के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से ही क्लब की सेवा-यात्रा निरंतर सशक्त होती जा रही है।
