पब्लिक मंच नेटवर्क, डबवाली (रवि मोंगा)
शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए मॉडर्न मॉन्टेसरी स्कूल द्वारा समय-समय पर मनोरंजक एवं व्यवहारिक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। इसी कड़ी में स्कूल की पहली से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को प्रेम फन वाटर पार्क, ओढ़ां की रोमांचक एवं यादगार ट्रिप पर ले जाया गया।
वाटर पार्क पहुंचने पर बच्चों का ढोल-नगाड़ों के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया गया, जिससे बच्चों का उत्साह देखते ही बनता था। ट्रिप के दौरान विद्यार्थियों ने एम्यूजमेंट राइड्स, वाटर स्लाइड्स, म्यूजिकल रेन डांस, वेव पूल तथा विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का भरपूर आनंद लिया। बच्चों की खुशी और उत्साह पूरे दिन देखने लायक रहा।
इस दौरान बच्चों के लिए विशेष रूप से वेलकम ड्रिंक एवं स्वादिष्ट नूडल्स की व्यवस्था भी की गई। वहीं दोपहर के भोजन में लजीज व्यंजनों का आनंद लेने के बाद वापसी के समय दी गई आइसक्रीम ने बच्चों की खुशी को दोगुना कर दिया।
इस अवसर पर स्कूल की प्रिंसिपल डिंपल मिढ़ा ने कहा कि बच्चों को केवल किताबी ज्ञान देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें व्यवहारिक अनुभव और मनोरंजक गतिविधियों से जोड़ना भी बेहद आवश्यक है। ऐसे आयोजनों से बच्चों का मानसिक तनाव कम होता है और वे नई ऊर्जा व उत्साह के साथ अपनी पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन कर पाते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों के आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। प्रिंसिपल ने ट्रिप को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अभिभावकों के सहयोग से भविष्य में भी बच्चों के लिए शैक्षणिक एवं मनोरंजक भ्रमण आयोजित किए जाते रहेंगे।
इस सफल आयोजन में मैनेजिंग कमेटी सदस्य अंकुर मिढ़ा, वाइस प्रिंसिपल राजीव अनेजा, स्वीटी चुघ सहित समस्त स्टाफ सदस्यों एवं ड्राइवर्स का विशेष सहयोग रहा।

