पब्लिक मंच नेटवर्क, डबवाली (रवि मोंगा)
सामाजिक सेवा, संस्कार, भाईचारे और जनकल्याण के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर चुके लायंस क्लब अक्स डबवाली के वार्षिक चुनाव एवं आम सभा का आयोजन सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया की अध्यक्षता चुनाव समिति के चेयरमैन एवं क्लब के संस्थापक सदस्य सतीश जग्गा ने की।
चुनाव प्रक्रिया में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें अरविंदर 'टोनू' मोंगा को अध्यक्ष, दीपक सिंगला को सचिव, धीरज गर्ग को कोषाध्यक्ष तथा अमन बंसल को जनसंपर्क अधिकारी (पी.आर.ओ.) चुना गया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष अरविंदर 'टोनू' मोंगा ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अक्स परिवार द्वारा उन पर जताए गए विश्वास को वे अपनी सबसे बड़ी जिम्मेदारी मानते हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि नई टीम सेवा, संगठन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और अधिक सशक्त बनाते हुए क्लब को नई उपलब्धियों और नए कीर्तिमानों की ओर अग्रसर करेगी।
सतीश जग्गा ने निवर्तमान टीम के कार्यकाल को बताया उपलब्धियों, सेवा और संगठनात्मक उत्कृष्टता का स्वर्णिम अध्याय
सभा को संबोधित करते हुए सतीश जग्गा ने कहा कि अक्स परिवार ने अपनी स्थापना से ही सेवा, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समाज में एक विशिष्ट स्थान बनाया है। उन्होंने वर्तमान अध्यक्ष डॉ. आशीष गर्ग, सचिव डॉ. प्रणव सचदेवा, कोषाध्यक्ष देवांश गर्ग, जनसंपर्क अधिकारी मनीष गर्ग तथा उनकी पूरी टीम के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि इस कार्यकारिणी ने समर्पण, अनुशासन और उत्कृष्ट टीम भावना के साथ कार्य करते हुए संगठन को नई ऊर्जा और नई पहचान प्रदान की है। उन्होंने कहा कि कार्यकाल के दौरान क्लब द्वारा दो दर्जन से अधिक उत्कृष्ट एवं जनहितकारी सेवा प्रकल्प सफलतापूर्वक संचालित किए गए, जिनका लाभ समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचा और जिनसे अक्स की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयां प्राप्त हुईं।
निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. आशीष गर्ग ने अपने संबोधन में समस्त सदस्यों, पदाधिकारियों एवं अक्स परिवार का सहयोग, विश्वास और स्नेह के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अक्स परिवार की सबसे बड़ी शक्ति उसके सदस्यों की एकजुटता, सेवा भावना और सामाजिक प्रतिबद्धता है। उन्होंने विशेष रूप से क्लब के बहुचर्चित एवं भव्य सामूहिक विवाह प्रकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि यह परियोजना न केवल क्षेत्र में बल्कि विभिन्न स्तरों पर प्रशंसा का विषय बनी तथा सेवा कार्यों का एक प्रेरणादायी उदाहरण स्थापित करने में सफल रही। इसके अतिरिक्त क्लब का स्थायी सेवा प्रकल्प अक्स उत्थान केंद्र वर्षों से समाजसेवा की अलख जगाए हुए है। यह केंद्र जरूरतमंद विद्यार्थियों की शिक्षा में सहयोग, प्रतिभाओं के संवर्धन तथा संस्कार केंद्र के रूप में युवा पीढ़ी के चरित्र एवं व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई कार्यकारिणी क्लब की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए सेवा और समाजहित के नए आयाम स्थापित करेगी।
इस अवसर पर निवर्तमान सचिव डॉ. प्रणव सचदेवा एवं कोषाध्यक्ष देवांश गर्ग ने सभा के समक्ष वार्षिक गतिविधि प्रतिवेदन एवं आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया। वर्ष भर आयोजित सामाजिक, स्वास्थ्य, सेवा एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की विस्तृत रिपोर्ट को उपस्थित सदस्यों द्वारा सराहना के साथ सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया।
बैठक में ऋषि मित्तल, शुभम लूना, रणजीत सिंह सांवतखेड़ा, लक्की गुप्ता, कमलकांत दुरेजा, एन.के. रामावत, उमेश जिंदल, कमल सचदेवा, प्रिंसपाल सिंह सेठी, कोनिक बंसल, नवदीप गर्ग, कुनाल गर्ग, लोकेश बंसल, अभय सूर्या सहित क्लब के पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित रहे।
