अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में सामाजिक संस्था निष्काम परिवार द्वारा शनिवार को अग्निकांड स्मारक स्थल स्थित निष्काम योगा सेंटर में भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। योग, स्वास्थ्य, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक एकता के संदेश से ओतप्रोत इस आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
निष्काम परिवार की महिला विंग की कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्व पार्षद अंजू बाला ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुआ। इसके बाद महिला विंग की प्रभारी एवं संस्थापिका कमलेश कामरा ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए योग को स्वस्थ जीवन का आधार बताया।
कार्यक्रम में भजन गायिका ज्योति शर्मा ने योग पर आधारित प्रेरणादायक गीत प्रस्तुत कर उपस्थितजनों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं योग गुरु मीनू वधवा ने दुपट्टे के माध्यम से अनूठी योग क्रियाओं का प्रदर्शन कराया, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया। निष्काम योगा सेंटर की ऐरोबिक्स प्रशिक्षक संजू ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुति दी, जबकि उनके निर्देशन में तैयार ऐरोबिक्स आधारित समूह नृत्य ने दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। तनू शर्मा की एकल नृत्य प्रस्तुति भी कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही।
संस्था सदस्य ऊषा वर्मा ने प्रेरक वक्तव्य देते हुए कहा कि निष्काम परिवार समाज में निस्वार्थ सेवा और मानवता के मूल्यों को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहा है। कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित संस्था के संस्थापक पार्षद कृष्ण कामरा ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बिना किसी स्वार्थ के समाजहित में किया गया कार्य ही सच्चा निष्काम सेवा भाव है।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान तथा 'करेंगे योग-रहेंगे निरोग', 'भारत माता की जय' और 'जय श्रीराम' के जयघोषों के साथ हुआ। इस अवसर पर यह संकल्प भी लिया गया कि भविष्य में भी स्वास्थ्य, सेवा और जागरूकता से जुड़े ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
समारोह के दौरान योग गुरु मीनू वधवा, संजू, चंचल चुघ और तनू शर्मा को निष्काम परिवार की ओर से सम्मानित किया गया। वहीं मीनू वधवा एवं उनकी सहयोगी महिलाओं ने कृष्ण कामरा और कमलेश कामरा का सम्मान कर आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में सूत्रधार की भूमिका निभा रही निष्काम परिवार की महिला विंग की अध्यक्ष मीनाक्षी चुघ ने प्रभावशाली मंच संचालन किया।
इस अवसर पर किरण बांसल, राखी वर्मा, साक्षी, बबली पाहुजा, एकता, शकुंतला, गोल्डी अनेजा, शिवानी, निशा, टीना कटारिया, शशिलता सुखीजा, प्रीति बजाज, किरण अनेजा, रीटा ग्रोवर, अमरजीत कौर, स्नेह, कंचन, आरती दावड़ा, अलका धमीजा, रजनी सिंगला, ऐना भटेजा, सुषमा बजाज, सीमा, वर्षा, मोनिका, अनीता मिढा, नीतू सोनी, गीता सेठी, रजनी कायत व रेखा मेहता सहित अनेक महिलाओं ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

