पब्लिक मंच नेटवर्क, डबवाली (रवि मोंगा)
हलका डबवाली के पूर्व विधायक अमित सिहाग ने आज सोमवार को शहर के ओम होटल में कांग्रेस पार्टी द्वारा नियुक्त बीएलए-2 (बूथ लेवल एजेंट) की महत्वपूर्ण बैठक लेकर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को लेकर विस्तार से चर्चा की। बैठक में वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. केवी सिंह तथा जिला एसआईआर पर्यवेक्षक मन्नू ढिल्लों एडवोकेट विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए अमित सिहाग ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया में जहां प्रशासन की ओर से नियुक्त बीएलओ की अहम भूमिका है, वहीं कांग्रेस पार्टी के बीएलए-2 भी लोकतंत्र की मजबूती और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाएंगे। उन्होंने बताया कि यह प्रक्रिया आगामी तीन महीनों तक चलेगी, जिसका पहला चरण आज 15 जून से शुरू हो चुका है। इस दौरान बीएलओ प्रत्येक मतदाता के घर जाकर एनरोलमेंट फॉर्म वितरित करेंगे, जिस पर हस्ताक्षर करवाकर एक माह के भीतर जमा कराया जाएगा।
सिहाग ने कहा कि यदि कोई मतदाता घर पर उपलब्ध नहीं होता है तो बीएलओ को कम से कम तीन बार उसके घर जाना होगा। यदि मतदाता किसी कारणवश बाहर है तो उसके परिजन भी हस्ताक्षर कर फॉर्म जमा करवा सकते हैं। उन्होंने बीएलए-2 से अपील की कि वे अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में इस पूरी प्रक्रिया पर नजर रखें और किसी भी पात्र मतदाता को परेशानी न होने दें।
पूर्व विधायक ने बताया कि 21 जुलाई को प्रारंभिक सूची जारी की जाएगी। जिन मतदाताओं की उपस्थिति नहीं मिलेगी, जिनका स्थानांतरण हो चुका होगा, जिनकी मृत्यु हो चुकी होगी अथवा जिनका वोट हरियाणा में डुप्लीकेट पाया जाएगा, उन्हें नोटिस जारी किए जाएंगे। ऐसे मतदाताओं को अपना पक्ष रखने और रिकॉर्ड दुरुस्त करवाने के लिए दो माह का समय दिया जाएगा। इसके बाद 22 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों और न्याय की राह पर चलती आई है। पार्टी का हर कार्यकर्ता और बीएलए-2 यह सुनिश्चित करेगा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से अन्यायपूर्ण ढंग से न कटे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर चरण में सक्रिय भागीदारी निभाने और बीएलओ के साथ समन्वय बनाकर काम करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. केवी सिंह ने कहा कि बिहार और पश्चिम बंगाल में चुनावों से पहले हुई एसआईआर प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने कई सवाल उठाए हैं। ऐसे में हरियाणा में चल रही प्रक्रिया पर विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है ताकि सत्ता पक्ष इसका किसी प्रकार का चुनावी लाभ न उठा सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया में विश्वास रखती है तथा पार्टी के सभी बूथ योद्धा प्रत्येक पात्र मतदाता का वोट सुरक्षित रखने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी एसआईआर प्रक्रिया को लेकर अपने सुझाव रखे और बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने का संकल्प लिया।
