पब्लिक मंच नेटवर्क, डबवाली (रवि मोंगा)
एपेक्स लेडीज क्लब डबवाली द्वारा कॉलोनी रोड स्थित मेहता धर्मशाला में आयोजित पांच दिवसीय नाड़ी परीक्षण एवं दर्द निवारण शिविर का रविवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। मात्र 100 रुपये के पंजीकरण शुल्क पर आयोजित इस शिविर में शहर एवं आसपास के क्षेत्रों से आए 200 से अधिक मरीजों ने लाभ उठाया। शिविर में सायटिका, सर्वाइकल, कमर दर्द, घुटनों का दर्द, कंधे का दर्द, हाथों के दर्द सहित विभिन्न शारीरिक समस्याओं से पीड़ित लोगों ने उपचार एवं परामर्श प्राप्त किया।
समापन समारोह की शुरुआत क्लब की प्रधान मीरा जग्गा ने अपने अध्यक्षीय संबोधन से की। उन्होंने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों, चिकित्सकों एवं समाजसेवियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एपेक्स लेडीज क्लब सदैव समाज हित के कार्यों के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
डिस्ट्रिक्ट बोर्ड एडवाइजर एल.एम. उर्मिल जौड़ा ने कहा कि समाज सेवा ही एपेक्स की पहचान है। क्लब का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों तक उपयोगी स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि शिविर में लोगों का उत्साह एवं विश्वास इस बात का प्रमाण है कि ऐसे जनहितकारी प्रयासों की समाज को निरंतर आवश्यकता है। उन्होंने शिविर की सफलता का श्रेय क्लब की समर्पित टीम, चिकित्सकों एवं शहरवासियों के सहयोग को दिया।
शिविर में सेवाएं प्रदान करने वाले नाड़ी वैद्य जसविंदर सिंह (प्रेमी) एवं थेरेपिस्ट भूपेंद्र चौधरी ने बताया कि उन्होंने विभिन्न स्थानों पर अनेक शिविर लगाए हैं, लेकिन एपेक्स लेडीज क्लब द्वारा आयोजित इस शिविर में मरीजों की संख्या और लोगों का उत्साह अत्यंत प्रेरणादायक रहा। उन्होंने क्लब की कार्यशैली एवं सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से ऐसे प्रयास और अधिक प्रभावी बनते हैं।
शिविर के दौरान पांच दिन श्रद्धालुओं एवं मरीजों के लिए ठंडे मीठे पानी की छबील भी लगाई गई, जिसमें सभी क्लब सदस्यों ने बढ़चढ़ कर सेवा कार्य किया। इस अवसर पर क्लब द्वारा नाड़ी वैद्य जसविंदर सिंह (प्रेमी), थेरेपिस्ट भूपेंद्र चौधरी एवं नवदीप सहित उनकी टीम को जनसेवा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में दिए गए योगदान के लिए स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
अंत में लाइफ गवर्नर एपेक्सियन एस.एस. जौड़ा ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए कहा कि पांच दिनों तक चले इस शिविर की सफलता सभी के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने चिकित्सक दल, विशेष अतिथि, क्लब पदाधिकारियों, सदस्यों, सहयोगियों एवं शहरवासियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लोगों का उत्साह, विश्वास और सहयोग ही सामाजिक सेवा के ऐसे कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी एपेक्स लेडीज क्लब समाजहित में ऐसे जनकल्याणकारी प्रकल्प आयोजित करता रहेगा। इस शिविर में लाइफ गवर्नर एसएस जौड़ा, डिस्ट्रिक्ट सर्विस डायरेक्टर भारत भूषण वधवा, एपेक्सियन सुदेश आर्य, एपेक्स क्लब प्रधान विक्रम सूर्या, एपेक्सियन अमन सुखीजा एवं राजेंद्र मैहता का विशेष सहयोग रहा।
यह शिविर प्रोजेक्ट चेयरपर्सन एपेक्सियन एलएम उर्मिल जौड़ा, प्रधान एपेक्सियन मीरा जग्गा, सचिव एपेक्सियन रिंकी बंसल, उपप्रधान एपेक्सियन सीमा वर्मा, पीआरओ एपेक्सियन वीना गोगिया की देखरेख में आयोजित किया गया। सलाहकार एपेक्सियन सविता चौधरी एवं एपेक्सियन अनु मिढ़ा ने शिविर आयोजन में अहम भूमिका निभाई। इस अवसर पर ललिता मुंजाल, पूनम मेहता, सविता सचदेवा, चंचल अरोड़ा, संतोष सोनी, रिपुदमन, किरण मेहता, किरण गर्ग, जिया धमीजा, पंकज गर्ग, माही ग्रोवर, सीमा गुप्ता एवं सरिता गुप्ता सहित डबवाली शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
