पब्लिक मंच नेटवर्क, डबवाली (रवि मोंगा)
सांस्कृतिक धरोहर को संजोने और महिलाओं को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से 'आगाज फैमिली' द्वारा शहर के एक निजी होटल के सभागार में तीज समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस उल्लासपूर्ण कार्यक्रम में करीब 50 महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरे समारोह के दौरान पारंपरिक गीत-संगीत, मनमोहक नृत्य और मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से हरियाली तीज की सुंदर छटा देखने को मिली। महिलाओं ने अपनी रंगारंग प्रस्तुतियों के जरिए न केवल तीज के पर्व का आनंद उठाया, बल्कि अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. प्रिया मिगलानी ने शिरकत की। अपने संबोधन में डॉ. प्रिया मिगलानी ने कहा कि तीज जैसे पारंपरिक त्योहार हमारी संस्कृति, रिश्तों की मिठास और नारी शक्ति की एकजुटता के प्रतीक हैं। आज की दौड़-भाग भरी जिंदगी में ऐसे आयोजन महिलाओं को तनावमुक्त होकर अपनी खुशियों को खुलकर जीने का माध्यम बनते हैं। उन्होंने आगाज फैमिली के इस प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि यह आयोजन महिलाओं को एक साथ आकर अपनी संस्कृति, परंपराओं और आत्मीयता को साझा करने का एक बेहतरीन अवसर प्रदान करता है।
'आगाज फैमिली' की प्रतिनिधि आशा गर्ग ने जानकारी देते हुए बताया कि समारोह में आगाज़ परिवार की प्रत्येक सदस्य ने अपनी बेहतरीन प्रस्तुति दी, जिससे पूरा वातावरण उत्साह, उमंग और आत्मीयता से सराबोर हो गया। उन्होंने बताया कि समारोह के दौरान 'मिसेस तीज' का खिताब अदिति सेठी के सिर पर सजा, वहीं अंजना बंसल फर्स्ट रनर अप तथा सोनिया सेठी सेकंड रनर अप रहीं। मुख्य अतिथि डॉ. प्रिया मिगलानी, नीलम वधवा एवं रजनी शर्मा ने विजेता विजेताओं को आकर्षक उपहार और शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। इसके साथ ही, आगाज़ परिवार की ओर से डॉ. प्रिया मिगलानी को विशेष स्मृति-चिह्न भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावशाली मंच संचालन सिमरन सेठी और मिनाक्षी जैन ने संयुक्त रूप से किया। समारोह को और अधिक रोचक बनाने के लिए वंदना सिंगला ने विभिन्न मनोरंजक गेम्स का आयोजन करवाया, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी महिलाओं ने ढोल और बोलियों की थाप पर गिद्दे में शानदार धमाल मचाया और एक-दूसरे को तीज की शुभकामनाएं दीं। अंत में ममता बंसल ने सभी अतिथियों व सदस्यों का धन्यवाद किया। इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि बदलते समय के साथ भी जब हम अपनी लोक विरासत, परंपराओं और सांस्कृतिक एहसासों को सहेजते हैं, तो हमारी अगली पीढ़ी तक हमारी संस्कृति का सुंदर सफर निरंतर आगे बढ़ता रहता है।

