पब्लिक मंच नेटवर्क, डबवाली (रवि मोंगा)
भारत विकास परिषद डबवाली शाखा की ओर से रविवार सुबह गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम में स्वास्थ्य जांच एवं पौधारोपण शिविर आयोजित किया गया। शिविर के दौरान लोगों की शुगर, बीपी और वजन सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गई। वहीं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए औषधीय पौधे भी रोपे गए।
शाखा अध्यक्ष उग्रसेन गर्ग ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वच्छ पर्यावरण एक-दूसरे के पूरक हैं। वर्तमान समय में नियमित स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि भारत विकास परिषद समाजसेवा के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर कार्य कर रही है और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम जारी रहेंगे।
प्रकल्प प्रमुख डा. लोकेश्वर वधवा ने कहा कि भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अपने स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही बरतते हैं। समय-समय पर शुगर और ब्लड प्रेशर की जांच करवाने से कई बीमारियों की समय रहते पहचान की जा सकती है। उन्होंने लोगों को नियमित व्यायाम और संतुलित खानपान अपनाने के लिए प्रेरित किया।
शाखा सचिव भजन मैहता ने बताया कि शिविर में 65 लोगों की शुगर, बीपी एवं वजन आदि की जांच की गई। इसके साथ ही स्टेडियम परिसर में 21 औषधीय पौधे लगाए गए। लैब टेक्नीशियन मनदीप ने स्वास्थ्य जांच में सहयोग किया।
इस अवसर पर सेवा संयोजक टीकम चंद जग्गा, कोषाध्यक्ष प्रदीप गर्ग, संस्कार संयोजक गुरदित्त दुरेजा, संपर्क संयोजक सुभाष मैहता, जयंत जग्गा सहित मॉर्निंग वॉक क्लब के सदस्य तरसेम चंद जेई, विजय जैन, राम निवास पटवारी व अन्य लोग मौजूद रहे।

