पब्लिक मंच नेटवर्क, डबवाली (रवि मोंगा)
वैष्णो माता मंदिर के सामने स्थित *धमीजा श्याम वाटिका * में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर वाटिका के नन्हे-मुन्ने बच्चे सुंदर वेशभूषा में सज-धज कर आए थे। छोटे-छोटे बच्चों ने राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा धारण की हुई थी, जिससे पूरी वाटिका वृंदावन धाम जैसी लग रही थी। बच्चों द्वारा मनमोहक झांकियां निकाली गईं, जिसने सभी का मन मोह लिया।
बच्चों ने श्री राधा-कृष्ण के मधुर भजनों पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत किए। उनकी मासूम अदाओं और भक्ति भरे नृत्य को देखकर उपस्थित सभी अभिभावक और दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए।
इस अवसर पर *धमीजा श्याम वाटिका की निर्देशिका अनीता धमीजा ने कहा, _“बच्चे ही साक्षात भगवान का रूप होते हैं। जन्माष्टमी का यह पर्व हमें प्रेम, करुणा और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। हमारा उद्देश्य बच्चों में संस्कारों के साथ-साथ आधुनिक शिक्षा का बीज बोना है, ताकि वे एक अच्छे नागरिक बन सकें। आज इन नन्हे राधा-कृष्ण को देखकर ऐसा लगा मानो साक्षात वृंदावन यहीं उतर आया हो।”
वाटिका के *इंचार्ज पुनीत धमीजा* ने कहा, _“हमारे लिए यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि हम अपने बच्चों को अपनी संस्कृति और परम्पराओं से जोड़ रहे हैं। जन्माष्टमी सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम और भक्ति का प्रतीक है। सभी बच्चों और अभिभावकों को जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं।”
कार्यक्रम को सफल बनाने में वाटिका के स्टाफ सदस्यों शालू, नवदीप, रेनू, पिंकी और सपना ने विशेष योगदान दिया। उन्होंने बच्चों को तैयार करने और उनकी देख-रेख में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अंत में सभी बच्चों और उपस्थित जनों में प्रसाद का वितरण किया गया।
