- आपातकालीन स्थितियों में क्षेत्रवासियों को अधिक त्वरित व निशुल्क एंबुलेंस सहायता मिल सकेगी: भाई गुरविन्द्र सिंह
मानवता की सेवा में 20 वर्षों से समर्पित भाई कन्हैया मानव सेवा ट्रस्ट (रजि.) सिरसा द्वारा डबवाली में नई शाखा की शुरुआत की गई है। प्रथम सेवा प्रकल्प के तौर पर ट्रस्ट द्वारा एक एंबुलेंस डबवाली को समर्पित की गई। ट्रस्ट के मुख्य सेवादार भाई गुरविन्द्र सिंह (पद्मश्री)की अध्यक्षता में अग्रवाल धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम में एसडीएम अर्पित संगल आईएएस व डीएपी कपिल अहलावत ने संयुक्त रूप से इनोवा क्रिस्टा एम्बुलेंस का शुभारंभ किया।
इस मौके पर डीएसपी कपिल अहलावत ने कहा कि सड़क हादसों में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाने के लिए एम्बुलेंस सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने ट्रस्ट द्वारा दी जा रही निशुल्क आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा की सराहना करते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
ट्रस्ट के मुख्य सेवादार भाई गुरविन्द्र सिंह (पद्मश्री) ने कहा कि डबवाली में नई शाखा और एम्बुलेंस सेवा की शुरुआत से क्षेत्रवासियों को आपातकालीन स्थितियों में और अधिक त्वरित व निशुल्क सहायता मिल सकेगी। उन्होंने बताया कि 7 जून 1997 को हुए एक सड़क हादसे में उन्हें समय पर एम्बुलेंस न मिलने का दर्द आज भी याद है। उसी अनुभव से प्रेरित होकर वर्ष 2005 में उन्होंने ट्रस्ट का गठन कर सरकारी अस्पताल सिरसा में मरीजों के लिए निशुल्क दूध सेवा शुरु की। वर्ष 2008 में सिरसा में एक एम्बुलेंस समर्पित करते हुए निशुल्क आपातकालीन सेवा आरंभ की गई। आज ट्रस्ट के पास 16 एम्बुलेंस हैं, जो सिरसा, रानियां और ऐलनाबाद में 24 घंटे निशुल्क सेवाएं दे रही हैं। उन्होंने बताया कि अब तक लगभग 12,575 सड़क हादसों व डिलीवरी केसों में ट्रस्ट द्वारा निशुल्क एम्बुलेंस सेवा प्रदान की जा चुकी है। डबवाली के बाद फतेहाबाद और हिसार में भी जल्द ही यह सेवा शुरू की जाएगी। इस मौके पर प्रमुख रंग कर्मी संजीव शाद ने मंच संचालन किया। कार्यक्रम समापन पर समाजसेवी राजेश जैन काला ने सबका धन्यवाद किया।
कार्यक्रम में सिरसा से ऋषिपाल जिंदल, अर्जुन शर्मा, गुरशरण सिंह कालड़ा, हरबंस लाल जिंदल तथा डबवाली से आशीष मैहता, संजय मैहता, कालूराम मैहता, भजन मैहता, उग्रसेन गर्ग, संजय नढा, गुरमिन्द्र सिंह, विपिन खन्ना, भूपेंद्र सिंह, नरेश सेठी, वेद प्रकाश भारती सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
ट्रस्ट द्वारा सिरसा में संचालित प्रमुख सेवाएं:
भाई कन्हैया आश्रम सिरसा में मंदबुद्धि, लावारिस, बुजुर्ग व अनाथ महिलाओं, पुरुषों, बच्चों को आश्रय दिया गया है। अब तक 600 से अधिक लोगों को ठीक कर उनके परिवारों से मिलवाया जा चुका है। वर्तमान में 400 से अधिक लोग आश्रम में रह रहे हैं, जिन्हें भोजन, आवास, इलाज सभी निशुल्क उपलब्ध हैं।
भाई कन्हैया शिक्षा संस्थान में जरूरतमंद लगभग 375 बच्चों को निशुल्क शिक्षा, परिवहन, स्टेशनरी व मेडिकल सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। भाई कन्हैया जल सेवा के तहत जनता को स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने हेतु निरंतर सेवा की जा रही है।
ट्रस्ट द्वारा वर्ष में तीन बड़े रक्तदान शिविर आयोजित किए जाते हैं। वहीं, ट्रस्ट द्वारा नर्सरी का संचालन और आधे एकड़ क्षेत्र में जंगल विकसित किया गया है।

