पब्लिक मंच, डबवाली (रवि मोंगा)
- श्री सुखमणि साहिब के पाठ एवं नगर कीर्तन में शामिल हुए सैकड़ों श्रद्धालु, अंतिम दिन रविवार को लगाया विशाल लंगर
संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज के 649वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में चौहान नगर स्थित श्री गुरु रविदास धर्मशाला एवं प्रबंधक कमेटी की ओर से आयोजित तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक समरसता के संदेश के साथ संपन्न हो गए।
आयोजन के पहले चरण में श्री सुखमणी साहिब का पाठ हुआ व बाबा अर्जुन सिंह लहरी वाले ने कीर्तन दीवान सजाया। इस मौके पर बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुगण गुरु महाराज के समक्ष नतमस्तक हुए। दूसरे चरण में शनिवार को नगर कीर्तन का भव्य आयोजन किया गया, जिसे वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. के.वी. सिंह, वार्ड नंबर 20 की पार्षद अलका रविंद्र बिंदु व युवा नेता कुंवरपाल हिटलर ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम संयोजक के रूप में युवा नेता परमवीर जैन, लखविंद्र सिंह कंडा और जितेंद्र नाहर उपस्थित रहे। यह आयोजन धर्मशाला प्रबंधक कमेटी के प्रधान, युवा कांग्रेस के ब्लॉक डबवाली अध्यक्ष भारत नाहर की अध्यक्षता में हुआ।
इस अवसर पर डा. केवी सिंह ने कहा कि गुरु रविदास जी का जीवन मानवता, कर्म और भक्ति का अद्भुत संगम है, जो आज भी समाज को सही दिशा दिखाता है। सभी अतिथियों ने गुरु रविदास जी के विचारों पर प्रकाश डालते हुए समानता, भाईचारे और सामाजिक न्याय के संदेश को आत्मसात करने का आह्वान किया।
नगर कीर्तन चौहान नगर से प्रारंभ होकर गोल चौक, न्यू बस स्टैंड रोड, रेलवे फाटक, मेन बाजार, गोल बाजार, सब्जी मंडी क्षेत्र से होते हुए पंजाब बस स्टैंड तक पहुंचा तथा पुन: चौहान नगर स्थित धर्मशाला में आकर संपन्न हुआ। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर संगत का स्वागत किया। नगर कीर्तन में गुरु रविदास जी की वाणी और कीर्तन के माध्यम से वातावरण भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम के अंतिम दिन रविवार को आयोजित विशाल लंगर के साथ आयोजनों का समापन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गुरु का प्रसाद ग्रहण किया। लंगर आयोजन की अध्यक्षता बैंक अधिकारी हरबंस नाहर ने की।
कमेटी प्रधान भारत नाहर ने बताया कि इस धार्मिक आयोजन में समाज के विभिन्न वर्गों ने सहयोग किया और सेवा भाव से भाग लिया। उन्होंने धर्मशाला कमेटी की ओर से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी सहयोगकर्ताओं और संगत का आभार जताया। पूरे आयोजन ने डबवाली में सामाजिक एकता और धार्मिक सौहार्द का सशक्त संदेश दिया। इस अवसर पर कमेटी के पूर्व प्रधान प्रह्लाद राय के अलावा सुनील कुमार कनवाडिया, कुलबीर छोकर, संदीप नाहर, हरीश कुमार, मदन लाल, रामु सरोवा, दिनेश कुमार, लाल चंद, सोनू नाहर, भीम नाहर, योगेश नाहर, दीपक कुमार, राहुल नाहर, शुभम कुमार, साहिल कुमार, हैप्पी सरोवा, किशोर, बब्बू, शाम लाल रंगा, डिम्पल नाहर, लवली, राजकुमार, सतपाल नाहर, साहिल नाहर, कालिया डेंटर, रजत मेहता, अमनदीप तथा मगजीत ललका की सहभागिता और सहयोग रहा।
