पब्लिक मंच, डबवाली
ईस्टवुड स्कूल ने अपना 22वां फाउंडर्स डे अत्यंत गरिमामय एवं प्रेरणादायक ढंग से मनाया। इस विशेष अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों एवं अध्यापकों ने सेवा और मानवता का संदेश देते हुए मंडी डबवाली स्थित सिविल अस्पताल में पहुंचकर मरीजों तथा उनके परिजनों को प्रेमपूर्वक फल एवं दूध वितरित किए।
विद्यालय द्वारा किया गया यह सेवा कार्य केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों का जीवंत उदाहरण बना। सन्देश दिया गया कि ईस्टवुड स्कूल में विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक शिक्षा ही नहीं दी जाती, बल्कि उन्हें समाज सेवा, करुणा, सहयोग और मानवता जैसे संस्कारों से भी जोड़ा जाता है। बताया कि ईस्टवुड स्कूल के लिए फाउंडर्स डे केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि समाज में खुशियाँ बाँटने, जरूरतमंदों की सहायता करने और सेवा भाव को जीवन का हिस्सा बनाने की प्रेरणा देने वाला विशेष दिन है।
फाउंडर्स डे के इस शुभ अवसर पर विद्यालय परिसर में नई कक्षाओं के निर्माण कार्य का भी विधिवत शुभारंभ किया गया। फाउंडेशन स्टोन भावी, प्रभगुन, जैसमीन, समरीत, हरगुन, दृष्टि, गव्या और ओवियान द्वारा रखा गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार में उत्साह और उल्लास का विशेष माहौल देखने को मिला।
ईस्टवुड परिवार ने विद्यालय के चेयरमैन सरदार बलराज सिंह ढिल्लों तथा डायरेक्टर सरदार संजम सिंह ढिल्लों का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया, जिनके मार्गदर्शन और प्रेरणा से विद्यालय निरंतर शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
वहीं, विद्यालय प्रबंधन ने डॉ. सुदीप गोयल (एसएमओ), डॉ. हरसिमरन सिंह (एएसएमओ) एवं अस्पताल के समस्त स्टाफ का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने सेवा कार्य के लिए सहयोग प्रदान किया।




