पब्लिक मंच नेटवर्क, डबवाली (रवि मोंगा)
भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीम राव अंबेडकर ट्रस्ट एवं यूथ ट्रस्ट द्वारा भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में गुरु गोबिंद सिंह खेल स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन उत्साहपूर्ण और रोमांचक माहौल में हुआ। टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में खुइयां मलकाना की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हांडीखेड़ा की टीम को हराकर खिताब अपने नाम किया, जबकि हांडीखेड़ा की टीम उपविजेता रही।
टूर्नामेंट के फाइनल मैच के शुभारंभ अवसर पर युवा नेता कुंवरवीर सिंह हिंटलर बतौर विशिष्ट अतिथि पहुंचे। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और पहली गेंद खेलकर मुकाबले का शुभारंभ करवाया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और भाईचारे का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों से जुड़कर नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहना चाहिए तथा अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाना चाहिए।
फाइनल मुकाबला काफी रोमांचक रहा और दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। खुइयां मलकाना की टीम ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया। मैच को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, युवा और ग्रामीण क्षेत्र के लोग स्टेडियम में मौजूद रहे।
टूर्नामेंट के समापन अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. केवी सिंह तथा पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट चंडीगढ़ के एडवोकेट दयाराम जोइया मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने विजेता खुइयां मलकाना टीम को 31 हजार रुपये नकद राशि और ट्रॉफी तथा उपविजेता हांडीखेड़ा टीम को 15 हजार रुपये नकद राशि और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इसके अलावा पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मौके पर युवा कांग्रेस के डबवाली विधानसभा अध्यक्ष भूपेंद्र शर्मा व युवा नेता परमवीर जैन विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। इस अवसर पर डॉ. केवी सिंह ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को नई दिशा देने का कार्य करती हैं। खेलों से जहां युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है, वहीं उनमें नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सामाजिक एकता की भावना भी विकसित होती है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने समाज में समानता, शिक्षा और अधिकारों की जो अलख जगाई थी, उसे आगे बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजन बेहद महत्वपूर्ण हैं। एडवोकेट दयाराम जोइया ने कहा कि ग्रामीण स्तर पर खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें सही मंच और अवसर देने की है। उन्होंने कहा कि ऐसे टूर्नामेंट युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं और समाज में सकारात्मक माहौल तैयार करते हैं।
यूथ ट्रस्ट के प्रधान भारत नाहर ने बताया कि इस तीन दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट में डबवाली और आसपास के क्षेत्र की कुल 48 टीमों ने भाग लिया। लीग मुकाबलों के बाद 8 टीमों के बीच नॉकआउट मैच खेले गए, जिसके बाद चार टीमों के बीच सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले हुए। उन्होंने बताया कि पूरे टूर्नामेंट के दौरान बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते रहे। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना तथा युवाओं को खेलों के माध्यम से एकजुट कर समाज में भाईचारा, समानता और सौहार्द की भावना को मजबूत करना था।
इस आयोजन की सफलता में डॉ. भीम राव अंबेडकर ट्रस्ट एवं यूथ ट्रस्ट के सरपरस्त सुरजीत सिंह बरजोत, पार्षद भारत भूषण भारती, राकेश वाल्मीकि और रविंद्र बबलू (पूर्व एमसी) की अहम भूमिका रही। इस अवसर पर प्रदीप पटीर अबूबशहर, रमेश कुमार, मुख्तयार सिंह, हरमेल सिंह, मास्टर मदन लाल, गुरमेल सिंह बराड़, राजवीर हस्सू, हरभजन मास्टर, संजीव बेदी, सुमित गर्ग, मंगा तनेजा, आशु, सौरभ, एनडी नाहर, राहुल नाहर, संदीप नाहर, सुख, शुभम, दीपू, रजत, अमनदीप अमना, राजू, अर्जुन अठवाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं संस्था सदस्य मौजूद रहे। सभी ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

