मंडी डबवाली के जैन स्थानक में जैन समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता समाज के सरपरस्त मास्टर मोहिंद्र जैन और इंद्र जैन ने की। बैठक में समाज के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करने के साथ-साथ प्रधान पद के नए कार्यकाल को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
सरपरस्तों ने बताया कि प्रधान पद का दो वर्षीय कार्यकाल पूरा हो चुका था। ऐसे में समाज के नए प्रधान के चयन को लेकर सभी सदस्यों की राय ली गई। इस दौरान समाज के वरिष्ठ सदस्यों ने कहा कि सुभाष जैन पप्पी पिछले करीब 10 वर्षों से तन, मन और धन से समाज की निरंतर सेवा कर रहे हैं। उन्होंने समाज के बेहतर प्रबंधन के साथ-साथ जैन साधु-संतों की सेवा में भी हमेशा विशेष रुचि दिखाई है।
समाज के प्रति उनकी निष्ठा, सेवा भावना और समर्पण को देखते हुए बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से सुभाष जैन पप्पी को आगामी कार्यकाल के लिए पुनः प्रधान नियुक्त कर दिया। उनके नाम की घोषणा होते ही बैठक में मौजूद सभी सदस्यों ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया और उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
नवनिर्वाचित प्रधान सुभाष जैन पप्पी ने समाज द्वारा एक बार फिर उन पर विश्वास जताने के लिए सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह भविष्य में भी समाज की सेवा और विकास के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करते रहेंगे।
