पब्लिक मंच, डबवाली (रवि मोंगा)
स्थानीय बार एसोसिएशन मंडी डबवाली में आज खुशी का माहौल देखने को मिला, जब सुवीर सिद्धू एडवोकेट के पंजाब एंड हरियाणा बार काउंसिल के सदस्य के रूप में दोबारा चुने जाने पर वकीलों ने लड्डू बांटकर जश्न मनाया और एक-दूसरे का मुंह मीठा करवाया। इस मौके पर काफी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे और सभी ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उपस्थित अधिवक्ताओं ने विश्वास जताया कि भविष्य में भी वे अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा करते हुए न्याय व्यवस्था को और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।
यह जानकारी देते हुए एडवोकेट लखबीर सिंह सिद्धू ने बताया एडवोकेट सुवीर सिद्धू , प्रख्यात अधिवक्ता डॉ. अनमोल रतन सिद्धू के सुपुत्र हैं और उन्होंने कम उम्र में ही कानून के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। वे इससे पहले भी बार काउंसिल के सबसे कम उम्र में सेक्रेटरी और अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनकी कार्यशैली, नेतृत्व क्षमता और अधिवक्ताओं के हितों के लिए किए गए कार्यों के चलते उन्हें व्यापक समर्थन मिला। इस बार हुए चुनाव में सुवीर सिद्धू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सबसे अधिक मत प्राप्त किए और अपने प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए जीत दर्ज की। उनकी इस जीत को न केवल डबवाली बल्कि पूरे क्षेत्र के अधिवक्ता समुदाय के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है। उन्होंने बताया कि सुवीर सिद्धू वर्तमान में बार काउंसिल ऑफ़ इंडिया के भी मौजूदा सदस्य हैं, जिससे उनकी राष्ट्रीय स्तर पर भी सक्रिय भूमिका का अंदाजा लगाया जा सकता है। एडवोकेट लखबीर सिंह सिद्धू ने भरपूर वोट देकर सुवीर सिद्धू का समर्थन करने के लिए अधिवक्ताओं का आभार जताया।


