पहली बार 105 कर्मचारियों की विशेष टीम, हर केंद्र पर जीपीएस गेटपास, बायोमेट्रिक और सीसीटीवी; अतिरिक्त खरीद स्थलों से किसानों को राहत, मंडी क्षेत्र ट्रैफिक जाम से रहा मुक्त
पब्लिक मंच नेटवर्क, डबवाली।
मार्केट कमेटी डबवाली के सदस्य कमलकांत दुरेजा और संदीप चावला ने बताया कि चेयरमैन सतीश जग्गा के नेतृत्व में वर्ष 2026 का गेहूं खरीद सीजन डबवाली क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ। नई और चुनौतीपूर्ण खरीद प्रणाली लागू होने के बावजूद बेहतर प्रबंधन और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के चलते रिकॉर्ड खरीद हुई।
सदस्यों ने कहा कि चेयरमैन सतीश जग्गा ने खरीद सीजन शुरू होने से पहले ही व्यापक रणनीति बनाकर पहली बार 105 कर्मचारियों की जम्बो टीम को मंडी और ग्रामीण खरीद केंद्रों पर तैनात किया गया। सुनिश्चित किया गया कि हर खरीद केंद्र पर कम से कम चार कर्मचारी मार्किट कमेटी सुपरवाइजर की देखरेख में काम संभाले। चेयरमैन की पहल पर हर खरीद केंद्र पर ही जीपीएस गेटपास व्यवस्था, बायोमेट्रिक मशीनें और सीसीटीवी कैमरे स्थापित करवाए गए, जिससे फसल की आवक और खरीद प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुचारू बनी रही।
उन्होंने बताया कि चेयरमैन सतीश जग्गा के प्रयासों से शहर में अतिरिक्त खरीद स्थल की अनुमति प्राप्त की गई, इन खरीद केंद्रों में 2,73,696 क्विंटल गेहूं की खरीद हुई। इससे मुख्य अनाज मंडी पर दबाव कम हुआ और किसानों, आढ़तियों व मजदूरों को राहत मिली। साथ ही मंडी और आसपास के क्षेत्र में ट्रैफिक जाम जैसी समस्या नहीं आई, जिससे आमजन ने भी राहत महसूस की।
सदस्यों ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को भी इस बार विशेष प्राथमिकता दी गई। पहली बार आईपीएस जैसलीन कौर, एसपी डबवाली के नेतृत्व में 70 पुलिसकर्मियों की तैनाती खरीद केंद्रों पर की गई। इससे किसानों, व्यापारियों और मजदूरों को सुरक्षित वातावरण मिला तथा खरीद कार्य पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। प्रशासन और पुलिस विभाग के सहयोग से संपूर्ण खरीद सीजन व्यवस्थित रूप से संचालित हुआ।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में कुल 19,75,113 क्विंटल गेहूं की खरीद हुई थी, जबकि वर्ष 2026 में यह बढ़कर 23,93,333 क्विंटल तक पहुंच गई। इस प्रकार इस बार पिछले वर्ष की तुलना में 4,18,220 क्विंटल अधिक गेहूं की खरीद दर्ज की गई और यह उपलब्धि चेयरमैन सतीश जग्गा द्वारा किए गए सुदृढ़ प्रबंधन, प्रशासन के सहयोग और किसानों के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है।
इस रबी सीजन में हैफेड द्वारा 19,47,623 क्विंटल, हरियाणा वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन द्वारा 3,40,896 क्विंटल तथा डीएफएससी द्वारा 1,01,586 क्विंटल गेहूं खरीदा गया।
खरीद केंद्रवार आंकड़ों की जानकारी देते चावला और दुरेजा ने बताया कि प्रिंसिपल यार्ड डबवाली में 6,01,702 क्विंटल, गंगा में 2,23,591 क्विंटल, अबूबशहर में 1,98,630 क्विंटल, चौटाला में 1,96,219 क्विंटल, मौजगढ़ में 1,38,397 क्विंटल, मलिकपुरा में 1,38,243 क्विंटल, लोहगढ़ में 1,25,529 क्विंटल, गोरीवाला में 1,07,649 क्विंटल, बिज्जूवाली में 1,07,530 क्विंटल, देसूजोधा में 1,03,830 क्विंटल, रत्ताखेड़ा में 74,272 क्विंटल, जंडवाला बिश्नोइयां में 71,494 क्विंटल, कालुआना में 58,861 क्विंटल, रिसालिया खेड़ा में 56,971 क्विंटल, बनवाला में 54,199 क्विंटल, हैबुआना में 53,915 क्विंटल, चट्ठा में 52,178 क्विंटल तथा पन्नीवाला मोरिका में 30,123 क्विंटल गेहूं की खरीद दर्ज की गई।
सदस्यों ने कहा कि चेयरमैन सतीश जग्गा ने स्वयं वाइस चेयरमैन, कमेटी सदस्यों और अधिकारियों के साथ सभी खरीद केंद्रों का लगातार दौरा कर व्यवस्थाओं की निगरानी की। किसानों, आढ़तियों, मुनीमों, मजदूरों और स्टाफ से सुझाव भी लिए गए ताकि भविष्य में खरीद प्रक्रिया को और अधिक बेहतर बनाया जा सके। मार्केट कमेटी से संबंधित सुझावों पर आगामी बैठक में विचार किया जाएगा, जबकि अन्य विभागों से जुड़े सुझाव संबंधित विभागों को भेजे जायेंगे।

