पब्लिक मंच नेटवर्क, डबवाली
शिक्षा के क्षेत्र में निस्वार्थ भाव से कार्य कर रहे श्री बाला जी ट्यूशन सेंटर के विद्यार्थियों ने 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में शानदार प्रदर्शन कर सेंटर, अभिभावकों और शहर का नाम रोशन किया है। सीमित संसाधनों वाले जरूरतमंद बच्चों को निशुल्क शिक्षा उपलब्ध करवाने वाले इस सेंटर के छात्रों ने मेहनत, अनुशासन और लग्न के दम पर उत्कृष्ट अंक हासिल किए हैं।
सेंटर के डायरेक्टर परमजीत कोचर ने जानकारी देते हुए बताया कि छात्रा प्रियांशु ने करीब 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सेंटर में प्रथम स्थान हासिल किया है। वह नव प्रगति स्कूल की छात्रा है और अपने स्कूल में भी द्वितीय स्थान पर रही। वहीं अनिका ने 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सेंटर में दूसरा स्थान प्राप्त किया। अनिका राजा राम स्कूल की छात्रा है और उसने अपने विद्यालय में टॉप स्थान हासिल किया है।
इसके अलावा हिमांशी ने 92 प्रतिशत, जश्न ने 91 प्रतिशत, जशनूर ने 88 प्रतिशत, साहिल ने 85 प्रतिशत, शौर्य धींगड़ा ने 85 प्रतिशत, हर्ष ने 84 प्रतिशत, मोहित ने 84 प्रतिशत तथा कमलप्रीत ने 80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शानदार सफलता हासिल की।
परमजीत कोचर ने कहा कि सेंटर का उद्देश्य केवल पढ़ाई करवाना नहीं बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद बच्चों को बेहतर भविष्य के लिए तैयार करना है। उन्होंने बताया कि बच्चों की मेहनत और शिक्षकों के समर्पण का ही परिणाम है कि हर वर्ष सेंटर के विद्यार्थी उत्कृष्ट परिणाम लेकर सामने आते हैं।
शिक्षाविद बीरचंद गुप्ता ने कहा कि शिक्षा समाज को बदलने का सबसे मजबूत माध्यम है और यदि जरूरतमंद बच्चों को सही मार्गदर्शन एवं अवसर मिले तो वे किसी से पीछे नहीं रहते। सेंटर में विद्यार्थियों को नियमित कक्षाओं के साथ-साथ अनुशासन, नैतिक शिक्षा और प्रतियोगी माहौल भी उपलब्ध करवाया जाता है, जिससे बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है।
परिणाम घोषित होने के बाद सेंटर में खुशी का माहौल रहा। विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। शहर के अनेक गणमान्य लोगों एवं अभिभावकों ने सेंटर की इस पहल और शानदार परिणाम की सराहना करते हुए कहा कि श्री बाला जी ट्यूशन सेंटर समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनकर उभर रहा है।
