कबीर नगर के जरूरतमंद परिवारों के बच्चों के सपनों को पंख देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे निशुल्क शिक्षा केंद्र ‘दि इवनिंग क्लासेज’ की ओर से अग्रवाल धर्मशाला में चैरिटी कार्यक्रम ‘सावन उत्सव-2’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नन्हे बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और रचनात्मकता ने हर किसी का मन मोह लिया।
बच्चों ने अपने हाथों से तैयार की गई आकर्षक राखियों तथा विभिन्न आर्ट एंड क्राफ्ट आइटम्स की प्रदर्शनी लगाई। वहीं भारतीय संस्कृति और देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों के जरिए बच्चों ने ऐसा समां बांधा कि पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा। बच्चों की मासूम मुस्कान के साथ उनकी प्रतिभा ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। समारोह में एसपी जसलीन कौर मुख्यातिथि के रूप में पहुंचीं और बच्चों की प्रस्तुतियों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि वंचित वर्ग के बच्चों को शिक्षा और संस्कार देने की यह मुहिम समाज के लिए प्रेरणादायक है। हर बच्चे की आंखों में भविष्य का एक सपना होता है और जरूरत है कि उन सपनों को सही दिशा और उड़ान मिले। उन्होंने कहा कि बच्चों को आगे बढ़ने के अवसर देना केवल किसी एक संस्था की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने शिक्षा केंद्र का दौरा कर बच्चों से मिलने की इच्छा भी व्यक्त की। पंजाबी साहित्यकार रमेश सेठी बादल ने कहा कि जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग करना सबसे पुण्य का कार्य है। उन्होंने शहरवासियों से इस सामाजिक यज्ञ में अपनी क्षमता के अनुसार योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन प्रसिद्ध एंकर संजीव शाद ने अपने प्रभावी अंदाज में किया। उन्होंने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि इन नन्हे कदमों में भविष्य की बड़ी उड़ान छिपी है। आज जिन आंखों में सपने हैं, कल उन्हीं सपनों को मेहनत और शिक्षा के सहारे मंजिल मिलेगी।
केंद्र की संचालिका प्रतिमा मुरेजा व अभिषेक ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों, सहयोगियों और शहरवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि ‘दि इवनिंग क्लासेज’ के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को निशुल्क शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और व्यक्तित्व विकास का वातावरण उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जा रहा है। बच्चों ने भी मंच पर अपना तथा अपने परिवार का परिचय देकर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
समारोह में पूर्व विधायक डॉ. सीता राम परिहार, भाजपा जिला अध्यक्ष रेनू शर्मा, पूर्व कांग्रेस विधायक अमित सिहाग की पत्नी शुभ्रा सिहाग, मार्केट कमेटी चेयरमैन सतीश जग्गा, जेजेपी नेता सर्वजीत मसीतां, नरेंद्र बराड़, बठिंडा से डा. संचिता, मैडम आरती, इंडियन ऑयल चीफ सिधांशु अरोड़ा, इंडियन ऑयल मैनेजर नितिन मोदी, समाजसेवी राकेश शर्मा, किड्स किंगडम स्कूल के डायरेक्टर केके वर्मा, इंदु मुरेजा, रवि बिश्नोई विशेष तौर पर पधारे। वहीँ , शहर की अनेक गणमान्य शख्सियतों ने भी पहुंचकर बच्चों का उत्साह बढ़ाया और उन्हें आशीर्वाद दिया।


