पब्लिक मंच नेटवर्क, डबवाली (रवि मोंगा)
वाका क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में अक्स धुरंधर्स ने शानदार खेल और जबरदस्त आत्मविश्वास का परिचय देते हुए बीबीएन थंडर्स को 5 विकेट से हराकर क्रिकेट सीरीज का खिताब 2-1 से अपने नाम कर लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बीबीएन थंडर्स ने 25 ओवर में 222/6 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया, लेकिन लक्ष्य का पीछा करने उतरी अक्स धुरंधर्स ने कप्तान रोहित गर्ग की नाबाद 72 रन की कप्तानी पारी के दम पर 24.2 ओवर में 223/5 रन बनाकर चार गेंद शेष रहते फाइनल जीत लिया। मुकाबले के दौरान मैदान पर रोमांच चरम पर रहा और दोनों टीमों ने शानदार खेल भावना का प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में मार्केट कमेटी चेयरमैन सतीश जग्गा, सीए गोविंद सिंगला, आढ़ती शाम लाल जिंदल, नंदीशाला प्रधान पंकज मोंगा और व्यापारी राम सरन चावला ने बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बीबीएन थंडर्स की शुरुआत के बाद मध्यक्रम ने पारी को मजबूती दी। भाविक बंसल ने 35 गेंदों पर 54 रन और रिशभ धमीजा ने 25 गेंदों पर 42 रन की तेजतर्रार पारियां खेलीं, जबकि विजय मणिथिया ने नाबाद 34 रन बनाकर टीम को 222 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। अक्स धुरंधर्स की ओर से प्रणव सचदेवा और धीरज गर्ग ने 2-2 विकेट चटकाए, जबकि कप्तान रोहित गर्ग और डॉ. आशीष गोल्यान ने एक-एक विकेट हासिल किया।
223 रन के लक्ष्य के सामने अक्स धुरंधर्स ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए। कप्तान रोहित गर्ग ने दबाव भरे फाइनल में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों पर नाबाद 72 रन ठोके, जिसमें 7 चौके शामिल रहे। उनकी इस निर्णायक पारी ने टीम की जीत की नींव रखी और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। देवांश गर्ग ने भी 27 गेंदों पर 44 रन की तेज पारी खेलकर जीत की राह आसान की। अभय सूर्या ने 34 गेंदों पर 35 रन और प्रणव सचदेवा ने 23 गेंदों पर 22 रन का योगदान दिया, जबकि अरविंदर टोनू मोंगा 6 रन बनाकर नाबाद रहे। अक्स धुरंधर्स ने 24.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर फाइनल पर कब्जा जमा लिया।
फाइनल में कप्तान रोहित गर्ग की अगुवाई में अक्स धुरंधर्स ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी के साथ-साथ दबाव में संयम का भी शानदार परिचय दिया। टीम की एकजुटता और आखिरी तक जीत के लिए संघर्ष ने मुकाबले को यादगार बना दिया।
