पब्लिक मंच नेटवर्क, डबवाली (रवि मोंगा)
शेरगढ़ स्थित वाका(डब्ल्यूएसीए) क्रिकेट मैदान में शुरू हुए बीबीएन-अक्स फ्रेंडशिप कप के पहले मुकाबले में अक्स धुरंधर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बीबीएन थंडर्स को 8 विकेट से हराकर प्रतियोगिता में जीत के साथ आगाज किया। मुकाबले में अक्स टीम ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में अपना दबदबा कायम रखा। जीत के सबसे बड़े नायक यादविंदर रहे, जिन्होंने बल्ले से तूफानी पारी खेलने के साथ गेंदबाजी में भी पांच विकेट झटककर टीम को शानदार जीत दिलाई।
मुकाबले से पहले दोनों टीमों के खिलाड़ियों और आयोजकों की मौजूदगी में राष्ट्रगान हुआ। इसके बाद दोनों टीमों के बीच टॉस हुआ जिसे अक्स धुरंधर्स ने जीता और पहले बॉलिंग करने का निर्णय लिया। इसके साथ ही देशभक्ति तथा खेल भावना के माहौल के बीच मुकाबले का शुभारंभ हुआ।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी बीबीएन थंडर्स की टीम ने कप्तान दीपक सिंगला की अगुवाई में निर्धारित 24 ओवर में 147 रन बनाए। इसके जवाब में अक्स धुरंधर्स ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए। टीम ने महज 13.3 ओवर में 2 विकेट खोकर 151 रन बनाते हुए 8 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। अक्स की जीत में यादविंदर का प्रदर्शन सबसे खास रहा। उन्होंने महज 34 गेंदों में नाबाद 72 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। इसके बाद गेंदबाजी में भी यादविंदर ने अपनी धार दिखाई और 4 ओवर में मात्र 10 रन देकर 5 विकेट हासिल किए। उनके इस शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें मुकाबले का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। इस जीत के साथ अक्स धुरंधर्स ने प्रतियोगिता में अपने मजबूत इरादे जाहिर कर दिए हैं।
अक्स धुरंधर्स के कप्तान रोहित गर्ग और बीबीएन थंडर्स के कप्तान दीपक सिंगला ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि फ्रेंडशिप कप का उद्देश्य केवल जीत-हार तक सीमित नहीं है, बल्कि क्रिकेट के माध्यम से आपसी दोस्ती, भाईचारे और खेल भावना को मजबूत करना है। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने भी पूरे मुकाबले के दौरान इसी भावना को मैदान पर कायम रखा।
