पब्लिक मंच नेटवर्क, डबवाली (रवि मोंगा)
रिटायर्ड कर्मचारी संघ की मासिक बैठक शहर के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शनिवार को संपन्न हुई। इस बैठक की अध्यक्षता संघ के ब्लॉक प्रधान सुखवंत सिंह चीमा ने की।
बैठक में पेंशनर्स की मांगें उठाते हुए सुखवंत सिंह चीमा ने कहा कि लंबे समय से रिटायर्ड कर्मचारियों की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक, सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों व पेंशनर्स को लंबे समय से एलटीसी की सुविधा मिल रही है लेकिन सरकार अब उसे खत्म करने की साजिश करने में लगी है। एलटीसी के बदले एक माह के वेतन का विकल्प उन कर्मचारियों के लिए राहत का माध्यम था जो पारिवारिक अथवा अन्य कारणों से यात्रा पर नहीं जा सकते थे। लेकिन सरकार कर्मचारियों व पेंशनर्स को हर चार वर्ष बाद मिलने वाली इस सुविधा को समाप्त कर रही है। इसके तहत सरकार द्वारा अब नए नियम लागू किए जा रहे हैं जोकि कर्मचारियों के हितों पर कुठाराघात है। इसे कर्मचारी व पेंशनर्स बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने बताया कि संसद से पारित वित्त विधेयक 2025 सेवानिवृत कर्मचारियों को वेतन संशोधन के लाभ से वंचित करता है, जो उनके साथ सीधा अन्याय है। उन्होंने मांग की कि चंडीगढ़ की तर्ज पर 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर क्रमश: 10, 15 और 20 प्रतिशत पेंशन वृद्धि लागू की जाए। चीमा ने कहा कि उन्होंने पेंशन को टैक्स फ्री करने, मेडिकल भत्ता बढ़ाकर 3000 रुपए करने तथा सभी बीमारियों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू करने की भी जोरदार मांग उठाई।
इस मौके अन्य संघ पदाधिकारियों ने भी मांगें उठाई। रिटायर्ड आडिटर बलवंत सिंह ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को रेल यात्रा में मिलने वाली 50 प्रतिशत छूट को तुरंत बहाल किया जाना चाहिए। वहीं, उग्रसेन गर्ग ने कम्प्यूटेशन की कटौती अवधि 15 वर्ष से घटाकर 12 वर्ष करने, फैमिली पेंशनर्स को एलटीसी सुविधा देने और कोरोना काल के 18 माह के डीए का भुगतान करने की मांग रखी। सचिव गुरतेज सिंह ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को एसी बसों, रेल और हवाई जहाज में रियायती यात्रा सुविधा दी जाती थी जिसे बंद कर दिया गया है उसे फिर से शुरू किया जाए। साथ ही उन्होंने निजी बसों में आधे किराए की सुविधा को भी सख्ती से लागू करवाने की मांग की। बैठक में निर्णय लिया गया कि संगठन द्वारा सदस्यता अभियान चलाकर अधिक से अधिक रिटायर्ड कर्मचारियों को जोड़ा जाएगा, ताकि उनकी आवाज को और मजबूत बनाया जा सके।
इस अवसर पर बृज लाल हैड मास्टर, निर्मल सिंह, हरबंस सिंह कानूनगो, अजमेर सिंह एचटी, जगरूप सिंह रोडवेज, श्री राम पटवारी, मोहन सिंह (शिक्षा विभाग), राम प्रताप, सुरजीत सिंह पब्लिक हैल्थ, गोपाल सिंह, बुध राम सहित अन्य कर्मचारी नेता मौजूद रहे।
