पब्लिक मंच नेटवर्क, डबवाली । (रवि मोंगा)
शतरंज की बिसात पर युवा खिलाड़ियों ने अपनी एकाग्रता, सूझबूझ और रणनीतिक कौशल से प्रतिद्वंद्वियों को चुनौती दी तो वहीं अनुभव का दांव भी चला। मौका था लायंस क्लब अक्स की ओर से रविवार को पंचवटी रिसॉर्ट में आयोजित प्रथम अक्स शतरंज संग्राम-2026 का, जिसमें बच्चों से लेकर वयस्कों तक कुल 112 खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। तीन आयु वर्गों में आयोजित इस प्रतियोगिता ने न केवल शहर में शतरंज के प्रति बढ़ती रुचि को मंच दिया, बल्कि युवा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता साबित करने का अवसर भी प्रदान किया।
प्रतियोगिता में अंडर-11 वर्ग में 37, अंडर-19 वर्ग में 60 तथा ओपन वर्ग में 15 खिलाड़ियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ ज्योति प्रज्वलन और राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद निर्धारित नियमों के अनुसार विभिन्न श्रेणियों के मुकाबले करवाए गए। प्रतियोगिता को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए हनुमानगढ़ से पहुंचे दो और बठिंडा से आए एक सहित तीन अनुभवी अर्बिटर्स ने निर्णायक की भूमिका निभाई। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ मुकाबलों में हिस्सा लिया। विभिन्न राउंड के बाद प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों की रैंकिंग तय की गई और विजेताओं को सम्मानित किया गया।
अंडर-11 वर्ग में सिद्धार्थ अरोड़ा ने प्रथम, आरव गर्ग ने द्वितीय और निमित्त गर्ग ने तृतीय स्थान हासिल किया। अंडर-19 वर्ग में जयवीन दुरेजा प्रथम, अक्षय कुमार द्वितीय और आयुष सचदेवा तृतीय रहे। वहीं, ओपन वर्ग में रवि कुमार ने पहला, सुरेश कुमार ने दूसरा और हर्ष बंसल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। क्लब संस्थापक सतीश जग्गा ने तीनों वर्गों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफियां प्रदान कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में शामिल अन्य सभी खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाणपत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।
प्रतियोगिता को केवल शतरंज के मुकाबलों तक सीमित न रखते हुए आयोजकों ने खिलाड़ियों और उनके परिवारों के लिए भी विशेष व्यवस्थाएं कीं। खिलाड़ियों एवं अभिभावकों के लिए भोजन और जलपान की निशुल्क व्यवस्था रही। वहीं, हॉल के बाहर अभिभावकों के मनोरंजन के लिए अलग-अलग खेल आयोजित किए गए, जिनके विजेताओं को उपहार देकर प्रोत्साहित किया गया। शतरंज प्रतियोगिता में भाग नहीं लेने वाले बच्चों के लिए भी मनोरंजक गतिविधियां रखी गईं। इससे आयोजन में खेल के साथ-साथ मनोरंजन और आपसी मेलजोल का माहौल बना रहा। पंचवटी रिसॉर्ट की व्यवस्थाओं की उपस्थित लोगों ने सराहना की।
इस आयोजन को सफल बनाने में प्रोजेक्ट चेयरमैन लायन अमन बंसल और क्लब के स्पोर्ट्स कमेटी चेयरमैन लायन कमल कांत ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि क्लब की ओर से भविष्य में भी ऐसे आयोजन करवाकर मंडी डबवाली और आसपास के क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करवाने का निरंतर प्रयास किया जाएगा। इनके सहयोगी के रूप में देवांश गर्ग, नवदीप गर्ग, दीपक सिंगला, क्लब प्रधान अरविंदर सिंह मोंगा, लोकेश बंसल, डॉ. प्रणव सचदेवा और मनीष गुप्ता सहित क्लब के सदस्यों ने भूमिका निभाते हुए आयोजन को सफल बनाया। लायंस सम्पूर्णा लेडीज ग्रुप की सदस्यों ने भी आयोजन को सफल बनाने में योगदान दिया।
पंचवटी रिसॉर्ट के वेन्यू स्पॉन्सर लायन लोकेश बंसल का विशेष आभार व्यक्त किया गया। वहीं, मीडिया प्रचार-प्रसार का खर्च गर्ग आर्किटेक्ट्स सतीश गर्ग की ओर से स्पॉन्सर किया गया। क्लब ने तीनों अर्बिटर्स, खिलाड़ियों, अभिभावकों, प्रायोजकों और सभी सहयोगियों का धन्यवाद किया। मौके पर ऋषि मित्तल, अंकुश सिंगला, आशीष सिंगला, धीरज बत्तरा, धीरज गर्ग, कोनिक बांसल, रोहित गर्ग, लक्की गुप्ता, मनप्रीत सिंह, एनके रमावत, प्रिंस सेठी, सतीश गर्ग, शुभम लूना, उमेश जिंदल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


