पब्लिक मंच, डबवाली (रवि मोंगा)
विभिन्न खरीद केंद्रों से जुड़े कच्चा आढ़तियों ने मार्केट कमेटी डबवाली के चेयरमैन सतीश जग्गा को ज्ञापन सौंपते हुए हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड द्वारा लाइसेंसों के नवीनीकरण तथा नए लाइसेंस जारी करने पर लगाए गए प्रतिबंध को हटवाने की मांग की। आढ़तियों ने कहा कि यह प्रतिबंध न केवल व्यापारिक गतिविधियों को ठप करने वाला है, बल्कि सीधे तौर पर किसानों, मजदूरों और ग्रामीण हितों को प्रभावित करने वाला है।
ज्ञापन में आढ़तियों ने बताया कि प्रतिबंध के कारण प्रदेशभर के हजारों वैध लाइसेंसधारक आगामी गेहूं और सरसों खरीद सीजन में खरीद-बिक्री कार्य से वंचित रह जाएंगे। यदि समय रहते लाइसेंस नवीनीकरण नहीं हुआ तो किसानों को भी अपनी उपज बेचने के लिए परेशान होना पड़ेगा।
आढ़तियों ने यह भी कहा कि लाइसेंस प्रतिबंध जारी रहने की स्थिति में कई छोटे खरीद केंद्र बंद होने की कगार पर भी पहुंच सकते हैं। इससे आढ़तियों के साथ-साथ मंडियों में काम करने वाले श्रमिकों की आजीविका पर संकट खड़ा हो जाएगा जिसका ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। आढ़तियों ने उम्मीद जताई कि इस मसले पर हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड द्वारा जल्द फैसला लेकर लाइसेंस प्रतिबंध हटाया जाएगा ताकि आगामी खरीद सीजन सुचारु रूप से संचालित हो सके ।

