पब्लिक मंच, डबवाली (रवि मोंगा)
इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के सुप्रीमो चौधरी अभय सिंह चौटाला का जन्मदिवस डबवाली में पार्टी नेताओं व कर्मठ कार्यकर्ताओं ने उत्साह और एकजुटता के साथ मनाया। कॉलोनी रोड स्थित अमूल डेयरी प्रतिष्ठान में आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकत्रित होकर केक काटा और जन्मदिन की खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नेताओं ने चौ. अभय सिंह चौटाला के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और राजनीतिक जीवन में निरंतर सक्रियता की कामना की। सभी ने उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं और जन्मदिन के गीत गाकर माहौल को उल्लासपूर्ण बनाया। वक्ताओं ने कहा कि चौटाला ने हमेशा किसान, मजदूर और आमजन की आवाज को मजबूती से उठाया है, और उनका संघर्षपूर्ण नेतृत्व कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने इंडियन नेशनल लोकदल की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प भी दोहराया। उन्होंने कहा कि चौ. चौटाला के मार्गदर्शन में इनेलो प्रदेश की राजनीति में सकारात्मक भूमिका निभाती रही है और आगे भी जनता के हितों के लिए संघर्ष जारी रहेगा। सभी ने एक स्वर में कामना की कि आने वाले समय में चौ. अभय सिंह चौटाला हरियाणा प्रदेश की बागडोर संभालते हुए मुख्यमंत्री पद तक पहुंचें।
पार्टी प्रवक्ता सुखविंद्र सूर्या ने बताया कि कार्यक्रम के अंत में आपसी भाईचारे और संगठनात्मक एकता का संदेश देते हुए सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की। इस अवसर पर इनेलो नेता, डबवाली शहर के कर्मठ इनेलो कार्यकर्ता, बूथ योद्धा व बड़ी संख्या में इनेलो समर्थक मौजूद थे।
