मुल्तान सभा डबवाली की ओर से समाज की सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने की दिशा में सराहनीय पहल करते हुए 'डोहड़ा प्रसाद' की प्राचीन परंपरा को सामूहिक उत्सव का रूप दिया गया। मैहता धर्मशाला में आयोजित इस कार्यक्रम में मुल्तानी परिवारों के साथ समाज के सभी वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पारंपरिक प्रसाद ग्रहण कर इस अनूठे आयोजन को सफल बनाया।
इस अवसर पर मुल्तानी परिवारों की महिलाओं द्वारा पारंपरिक विधि से ज्वार की मीठी चूरी, बाथू का रायता एवं गाजर का स्वादिष्ट अचार तैयार किया गया। भगवान शिव को भोग अर्पित करने के पश्चात दोपहर 12 बजे से शाम तक चले कार्यक्रम में लोगों ने परिवार सहित पहुंचकर डोहड़ा प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में अन्य बिरादरियों के लोगों को भी आमंत्रित कर आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ इनेलो नेत्री कांता चौटाला, नगरपरिषद चेयरमैन टेकचंद छाबड़ा, जेजेपी नेता सर्वजीत सिंह मसीतां, डीएसपी कपिल अहलावत, नारकोटिक्स सेल के इंचार्ज एसआई डा. अशोक कुमार, भाजपा नेता विजयंत शर्मा, चाणक्य पारीक, संदीप गर्ग, पार्षद विकास शर्मा, पार्षद सुनील जिंदल, कृष्ण कामरा निराला, डा. शमिंद्र मिगलानी, डा. अश्वनी सचदेवा, डा. अश्विनी बत्तरा, डा. लोकेश्वर वधवा सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
महिला विंग की प्रतिनिधि कनुप्रिया मैहता व सरोज मैहता ने बताया कि मुल्तानी परिवारों में प्रत्येक वर्ष सोमवार के दिन डोहड़ा प्रसाद की परंपरा को त्यौहार के रूप में मनाया जाता रहा है। बदलते समय में भी समाज की पुरानी परंपराएं जीवित रहें, इसी उद्देश्य से पिछले वर्ष से इस पर्व को सामूहिक रूप में मनाने की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि एक साथ उत्सव मनाने से आपसी मेलजोल बढ़ा है और लोगों को अपनी मातृ भाषा मुल्तानी में संवाद करने का अवसर भी मिला है।
मुल्तान सभा के प्रधान आशीष मैहता ने कहा कि बुजुर्गों द्वारा स्थापित यह परंपरा स्वास्थ्य की दृष्टि से भी अत्यंत उपयोगी है। डोहड़ा प्रसाद में मोटे अनाज का उपयोग कर ज्वार की चूरी बनाई गई, साथ ही बाथू का रायता एवं गाजर से तैयार प्रोबॉयटिक ड्रिंक लोगों को पिलाई गई, जो शरीर के लिए लाभकारी है। ऐसी परंपराओं को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उपप्रधान संजय मैहता व सचिव भजन मैहता ने कहा कि समाज को अपनी मातृ भाषा और संस्कृति से जोड़े रखने के लिए इस प्रकार के आयोजनों की निरंतरता आवश्यक है। मुल्तान सभा इसी उद्देश्य से समाज में एकजुटता और जागरूकता का कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में सभा के सरप्रस्त चरणजीत मैहता, कृष्ण मैहता, कालू राम मैहता, सुभाष मैहता, जयदयाल नंबरदार, सुभाष लांबा, गुरदित्त दुरेजा, रामकिशन मैहता, सुशील मैहता, पंकज मैहता, विंकल मैहता, चयन मैहता, प्रशांत मैहता, कृष मैहता, हकीकत मैहता, संजय मैहता टिंकु, विनोद मैहता, पवन मुंजाल, दीपक मैहता, भुवनेश मैहता सहित अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों में डा. श्रवण बांसल, सीए एमएल ग्रोवर, गुरदीप कामरा, शाम लाल कुक्कड़, अशोक सिड़ाना, हिमांशु मैहता व बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे।

