लायंस क्लब सुप्रीम द्वारा डबवाली ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से एन.एम. कॉन्वेंट स्कूल, अलीकां में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ट्रैफिक इंचार्ज डबवाली बिजेन्दर गिल की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उनकी सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना था।
इस अवसर पर स्कूल बसों पर रिफ्लेक्टर लगाए गए, जिससे धुंध एवं कम रोशनी की स्थिति में बसों की दृश्यता बढ़े और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के महत्व, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, यातायात संकेतों का पालन करने तथा सुरक्षित ढंग से सड़क पार करने के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने यातायात नियमों का पालन करने और अपने परिवारों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर लायंस क्लब सुप्रीम के अध्यक्ष आशीष मेहता ने कहा कि स्कूल जाते समय बच्चों की सुरक्षा बहुत ही जरुरी है और यह समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्कूल बसों पर रिफ्लेक्टर लगाना एक छोटा किंतु प्रभावी कदम है, जो सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से यातायात नियमों का पालन करने और जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी राजकुमार ने कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं ओवरस्पीड, हेलमेट न पहनना, सीट बेल्ट न लगाना तथा वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग करना जैसी लापरवाहियों के कारण होती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नियमों का पालन करने और अपने अभिभावकों को भी प्रेरित करने की अपील की।
क्लब पीआरओ गुरदीप कामरा ने कहा कि विद्यालय स्तर पर आयोजित ऐसे कार्यक्रम समाज में दीर्घकालिक सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने पुलिस विभाग और सामाजिक संगठनों के संयुक्त प्रयासों की सराहना की। विद्यालय प्रबंधन ने लायंस क्लब सुप्रीम एवं ट्रैफिक पुलिस का आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों द्वारा यातायात नियमों के पालन के सामूहिक संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
इस अवसर पर रीजन गवर्नर लायन डॉ. अश्वनी सचदेवा, सचिव लायन समर्थ चावला, लायन भूपेंद्र पाहुजा, लायन डॉ. लोकेश्वर वधवा, राजिंदर मेहता तथा पुलिस अधिकारी जसपाल सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।

