पब्लिक मंच, डबवाली (रवि मोंगा)
बीकानेर में चल रहे 'खेजड़ी बचाओ महापड़ाव' के समर्थन में सोमवार को डबवाली इलाके के बिश्नोई समाज द्वारा एसडीएम को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा खेजडी के वृक्षों की कटाई रोकने, विधानसभा में खेजड़ी संरक्षण के लिए सख्त कानून लाने की घोषणा और संत समाज से हुई सकारात्मक वार्ता के बाद धर्मशाला में एकत्रित हुए समाज के प्रतिनिधियों ने बैठक करते हुए रोष मार्च को स्थगित करने का निर्णय लेते हुए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया।
सभा सचिव इंद्रजीत बिश्नोई ने बताया कि बिश्नोई समाज के प्रमुख संतों और महंतों ने जयपुर में मुख्यमंत्री आवास पर उनसे मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण हमारी प्राथमिकता है और बिश्नोई समाज का इस दिशा में जज्बा पूरे देश के लिए प्रेरणा है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि खेजड़ी के संरक्षण के लिए सरकार एक नया और सशक्त कानून बनाएगी।
डबवाली बिश्नोई धर्मशाला में हुई बैठक:
डबवाली में समाज के लोग बिश्नोई सभा प्रधान कुलदीप कुमार जादूदा के नेतृत्व में धर्मशाला में एकत्रित हुए। राजस्थान सरकार द्वारा खेजड़ी की कटाई पर पूर्ण रोक लगाने और कानून बनाने के निर्णय का सभी ने स्वागत किया और रोष मार्च स्थगित कर मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया गया। बैठक में राजस्थान के मुख्यमंत्री द्वारा संतों को दिए गए सम्मान और उनकी मांगों को स्वीकार करने पर हर्ष व्यक्त किया गया। इस बैठक में डबवाली क्षेत्र के बिश्नोई समाज के प्रबुद्धजन और युवा बड़ी संख्या में शामिल हुए, जिन्होंने प्रकृति और जीव रक्षा के संकल्प को दोहराया।
