पब्लिक मंच नेटवर्क, डबवाली (रवि मोंगा)
जाम्भाणी साहित्य अकादमी बीकानेर के तत्वावधान में बिश्नोई समाज के 11 से 17 वर्ष आयु वर्ग के किशोर-किशोरियों के लिए जून माह में जाम्भाणी संस्कार शिविर आयोजित किए जाएंगे। अकादमी के जिला प्रभारी इन्द्रजीत बिश्नोई ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला सिरसा के विभिन्न गांवों में चरणबद्ध रूप से ये शिविर लगाए जाएंगे। गांव चौटाला में 1 जून से 5 जून तक, गांव गंगा में 6 जून से 10 जून तक, गांव खैरेकां में 7 जून से 13 जून तक तथा गांव जंडवाला बिश्नोईयां में 9 जून से 13 जून तक संस्कार शिविर आयोजित होंगे।
उन्होंने बताया कि गांव खैरेकां का शिविर डा. मनीराम सहारण की देखरेख में गांव के स्कूल में आयोजित किया जाएगा, जबकि अन्य तीनों गांवों में शिविर बिश्नोई मंदिरों में लगाए जाएंगे। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य समाज के बच्चों को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखते हुए उन्हें बिश्नोई धर्म, नियमों, परंपराओं और संस्कारों से जोड़ना है। शिविरों के दौरान बच्चों को धार्मिक, नैतिक और सामाजिक मूल्यों की शिक्षा दी जाएगी। अकादमी की ओर से शिक्षकों की व्यवस्था के साथ-साथ पढ़ाई-लिखाई के लिए आवश्यक पुस्तकें और अन्य सामग्री उपलब्ध करवाई जाएगी। वहीं बच्चों के लिए जलपान, नाश्ता और बैठने की व्यवस्था स्थानीय बिश्नोई सभाओं द्वारा की जाएगी। गैर-आवासीय स्वरूप में आयोजित होने वाले इन शिविरों का समय प्रतिदिन सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक रहेगा। शिविर स्थल पर बच्चों को लाने व ले जाने की जिम्मेदारी बच्चों के अभिभावकों की होगी।