पब्लिक मंच नेटवर्क, डबवाली (रवि मोंगा)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने तथा उनके जन्मदिन के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे 'सेवा संकल्प अभियान' को लेकर डबवाली में भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी कड़ी में डबवाली इलाके की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता और महामंत्री विनोद तावड़े ने ऑनलाइन जुड़ कर संबोधित किया।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी पंकज धींगड़ा ने बताया कि अभियान के तहत एक माह तक विभिन्न सेवा एवं सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा ने इन सेवा कार्यों में सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया है। वहीं भाजपा की डबवाली जिला अध्यक्ष रेणू शर्मा, मार्केट कमेटी चेयरमैन सतीश जग्गा, जिला महामंत्री विजयंत शर्मा, उपाध्यक्ष सतिंद्र गर्ग ओढ़ा, मंडल अध्यक्ष डबवाली महेंद्र बांसल,मंडल अध्यक्ष नवदीप सरां नेहरु, मंडल अध्यक्ष जसवंत जाखड़ सहित अन्य भाजपा पदाधिकारियों एवं नेताओं ने डबवाली स्थित भाजपा कार्यालय से बैठक में भाग लेकर सेवा संकल्प अभियान में सभी को बढ़चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। बैठक में सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान सामाजिक संस्थाओं को भी अपने-अपने स्तर पर सेवा प्रकल्प आयोजित करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग जनसेवा के कार्यों से जुड़ सकें।
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर डबवाली में सेवा गतिविधियों के साथ अभियान का शुभारंभ होगा। इस दिन सिविल अस्पताल डबवाली में रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। इसके अलावा डबवाली रेलवे स्टेशन पर शाम 6 बजे दीये रोशन किए जाएंगे और मिठाई वितरित की जाएगी।
पंकज धींगड़ा ने बताया कि इसके बाद 17 अक्टूबर तक लगातार विभिन्न सेवा प्रकल्पों को गति दी जाएगी। अभियान के दौरान सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से जरूरतमंदों की सहायता, जनकल्याण और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर रहेगा। इस अभियान का उद्देश्य सेवा को केवल कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसे जनभागीदारी और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ना है। बैठक में प्रवीण गर्ग, सोनू सेठी, राजेश जैन काला, राजेंद्र गर्ग, अमृत पाल आदि प्रतिनिधियों के अलावा अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।



