पब्लिक मंच नेटवर्क, डबवाली
साइबर अपराध शाखा डबवाली की टीम ने तकनीकी जांच और महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर फर्जी कस्टमर केयर बनकर स्क्रीन शेयरिंग कर 1 लाख 04 हजार रुपये की साइबर ठगी करने व 01.33 लाख रूपये की धोखाधड़ी के अलग अलग मामलों का पर्दाफाश कर फरार चल रहे आरोपी विवेक सिंह व आरोपी गुरलाल सिंह को गिरफ्तार किया है ।
साइबर अपराध शाखा प्रभारी एवं पुलिस प्रवक्ता उप निरीक्षक आनन्द कुमार ने बताया कि एसपी जसलीन कौर के निर्देशन में डबवाली पुलिस द्वारा साइबर अपराधों में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ तथा ठगी की राशि बरामद करने के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है । इसी कड़ी में गत 4 जुलाई 2026 को थाना शहर डबवाली में दर्ज अभियोग के अनुसार शिकायतकर्ता हरदीप सिंह ने बताया कि दिनांक 1 जूलाई 2026 को मिन्तरा ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफार्म से चप्पल मंगवाई थी । जब उसने अपने आर्डर की जानकारी लेने के लिए गुगल पर सर्च कर कस्टमर केयर के नम्बर पर कॉल की तो उन्होंने ऑर्डर कैंसल करने की बात कही, जो शिकायतकर्ता ने ऐसा करने से मना कर दिया । जिसके उपरांत उसे अज्ञात नम्बर से व्हाट्सएप्प काल आई । जिसके बाद शिकायतकर्ता को झांसे में लेकर स्क्रीन शेयर करवाकर उसके खाते से 1,04,666 रुपये धोखाधड़ी से निकाल लिए । इसके बाद उसने साइबर हेल्पलाइन 1930 के माध्यम से शिकायत दर्ज करवाई ।
मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर अपराध शाखा डबवाली में तैनात पीएसआई अजय सिंह ने अपनी टीम के साथ तकनीकी पहलुओं की गहन जांच करते हुए महत्वपूर्ण सुराग जुटाए । जो अपनी कार्यकुशलता व तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए आरोपी के संदिग्ध ठिकानों पर लगातार दबिश देते हुए उनकी टीम ने इस मामले में आरोपी विवेक सिंह को गिरफ्तार कर लिया । आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है ।
बैंक खाते से 1.33 लाख रूपये निकाल लिए:
इसी तरह एक अन्य मामले का खुलासा करते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि दिनांक 27.08.2026 को थाना शहर डबवाली में दर्ज अभियोग में शिकायतकर्ता मनोज कुमार निवासी मंडी डबवाली के बैंक खाते से किसी अज्ञात व्यक्ति/व्यक्तियों द्वारा 1.33 लाख रूपये बिना किसी जानकारी के निकाल लिए गए जिसका पता उसे तब चला जब उसने किसी अन्य व्यक्ति को रूपये भेजने के लिए खाता प्रयोग किया । जिसकी शिकायत उसने साइबर अपराध शिकायत हेल्पलाइन 1930 पर की । जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उनकी टीम ने तुरंत ठगी करने वाले व्यक्ति के बैंक खाते को फ्रीज करवाया और आरोपी की तलाश शुरू की । जिसके तहत उनकी टीम में तैनात पीएसआई मंगल सिंह की टीम ने बैंक खाते से जानकारी जुटाते हुए खाताधारक आरोपी गुरलाल सिंह को जिला संगरूर (पंजाब) से गिरफ्तार कर लिया । शिकायतकर्ता की तुरंत दी गई सूचना व पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई से धोखाधड़ी की राशि में से 30,000 रूपये आरोपी के खाते में सुरक्षित रखने में सफलता हासिल हुई । आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है ।
