पब्लिक मंच नेटवर्क, डबवाली (रवि मोंगा)
प्रसिद्ध पंजाबी लेखक रमेश सेठी बादल द्वारा अपने गांव घुमियारा के इतिहास, संस्कृति, सामाजिक जीवन और पुरानी स्मृतियों को शब्दों में पिरोकर लिखी गई पुस्तक 'मेरा घुमियारा' का लोकार्पण समारोह गांव के बड़े गुरुघर में सादगीपूर्ण लेकिन प्रभावशाली माहौल में गणमान्य लोगों की मौजूदगी में आयोजित किया गया। ग्राम पंचायत और गांव के गणमान्य लोगों की मौजूदगी में युवा सरपंच संदीप ग्रोवर ने पुस्तक का लोकार्पण करते हुए इसे गांव की आने वाली पीढ़ियों के लिए एक अनमोल खजाना बताया।
समारोह के दौरान समस्त ग्रामवासियों की ओर से लेखक रमेश सेठी बादल और उनकी जीवनसंगिनी सरोज सेठी को शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। मास्टर हरमंदर सिंह ने समारोह में पहुंचे अतिथियों और ग्रामीणों का स्वागत करते हुए उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर लेखक रमेश सेठी बादल ने ग्राम पंचायत और समस्त ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने पुस्तक की रचना के उद्देश्य और इसकी विषयवस्तु पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 'मेरा घुमियारा' के माध्यम से उन्होंने गांव से जुड़ी यादों, यहां के लोगों, परंपराओं, संस्कृति और सामाजिक जीवन को शब्दों में संजोने का प्रयास किया है। उनका उद्देश्य गांव की उस विरासत को सुरक्षित रखना है, जिसे समय के साथ आने वाली पीढ़ियां शायद केवल सुनकर ही जान पाएं।
समारोह में सरपंच संदीप ग्रोवर के अलावा बलजीत सिंह नंबरदार, फ्लावर सिंह, मास्टर निर्मलजीत, नछत्तर फौजी, मास्टर मनप्रीत, मास्टर गुरप्रीत, मास्टर तरसेम, मलकीत सिंह, मनदीप सिंह पंजाब पुलिस, टहल सिंह सदस्य, सुखदेव सिंह फौजी, श्रीमती सुरजीत कौर और सिमरजीत कौर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
