पब्लिक मंच नेटवर्क, डबवाली (रवि मोंगा)
रामलीला के आगाज से पहले ही शहर की फिजाओं में भक्ति और आस्था का रंग घुलने लगा है। जय श्री राम नगर नाट्यशाला की ओर से रामलीला के पावन मंच पर श्री हनुमान जी का पवित्र झंडा श्रद्धा और विधि विधान के साथ स्थापित किया गया। इस दौरान पूरा रामलीला मैदान जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। इससे पहले श्री सालासर हनुमान मंदिर से पवित्र झंडे की शोभायात्रा निकाली गई। इसमें रामलीला के मुख्य निर्देशक टोनी धमीजा श्रद्धा एवं पवित्रता से अपने कंधों पर हनुमान जी की ध्वजा उठाकर आगे चल रहे थे एवं रास्ते भर श्रद्धालुओं और नाट्यशाला के सदस्यों ने रंग-गुलाल उड़ाकर, नाच-गाकर तथा जय श्रीराम के जयघोष के साथ अपनी खुशी और श्रद्धा का इजहार किया।
यह शोभायात्रा ढोल-नगाड़ों और भक्ति के माहौल के बीच मेन बाजार, गोल बाजार और सब्जी मंडी से होती हुई रामलीला मैदान के मंच तक पहुंची। शोभायात्रा के रामलीला मैदान पहुंचते ही पूरा वातावरण धार्मिक उल्लास में रंग गया। यहां कार्यकारी प्रधान पंडित मुरारी लाल शर्मा ने पूजा की रस्म श्रद्धा और विधि विधान के साथ संपन्न करवाई। प्रधान रामकुमार गर्ग की अध्यक्षता में नाट्यशाला के सदस्यों और कलाकारों ने हनुमान चालीसा का पाठ किया तथा विधिवत आरती के बाद पवित्र झंडा स्थापित किया। झंडा स्थापित होते ही श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयघोष लगाए।
समारोह में एचएसडीसी चेयरमैन देवकुमार शर्मा, वरिष्ठ नेता संदीप चौधरी, कश्मीरी लाल गर्ग, आढ़ती शाम लाल जिंदल, व्यापारी नेता गुरदीप कामरा,आशीष मैहता, ठेकेदार सौरभ गर्ग बंटी, अरोड़वंश सभा प्रधान परमजीत सेठी लभु, पार्षद सुमित अनेजा, राजेंद्र गर्ग जमींदारा, प्रमोद सोनी, दीपा सेठी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने पूजा-अर्चना में भाग लिया और रामलीला आयोजन के लिए नाट्यशाला के सदस्यों को शुभकामनाएं दीं। मंच का संचालन आचार्य रमेश सचदेवा, संजीव शाद व रवि मोहन ने बखूबी निभाया।
8 अक्टूबर से रामलीला शुभारंभ के साथ शहर में बिखरेंगे भक्ति के रंग:
नाट्यशाला के मीडिया प्रभारी रवि मोंगा व सचिव सुनील सेठी ने बताया कि 8 अक्टूबर से श्री बालाजी के कीर्तन के साथ रामलीला का शुभारंभ किया जाएगा। रामलीला को लेकर कलाकारों में खासा उत्साह है और शहरवासियों में भी मंचन शुरू होने का बेसब्री से इंतजार है। झंडा स्थापना के साथ ही अब शहर की निगाहें उस शाम पर टिक गई हैं, जब रामलीला के मंच से भगवान श्रीराम की मर्यादा, भक्ति और धर्म की गाथा जीवंत होगी। स्टेज प्रभारी निश्चिंत झांब व पीआरओ जतिन मिढा ने कहा कि हनुमान जी भगवान श्रीराम के प्रति पूर्ण समर्पण और निष्काम सेवा के प्रतीक हैं। ध्वज इसी भाव को रामलीला के मंच से जोड़ता है। मंच पर ध्वज स्थापना कर रामलीला के सफल, निर्विघ्न और मंगलमय आयोजन की कामना प्रभु से की गई है।
झंडा स्थापना समारोह में बड़ी संख्या में इलाके के श्रद्धालुओं ने रामलीला मैदान पहुंचकर भगवान श्रीराम के चरणों में अपनी आस्था अर्पित की। पूरे आयोजन के दौरान रामलीला मैदान भक्ति, श्रद्धा और उल्लास से सराबोर नजर आया।


