लोहगढ़ खरीद केंद्र पर व्यवस्थाओं की समीक्षा, गेट पास के नए नियम और इलेक्ट्रॉनिक कांटों की कैलिब्रेशन के दिए निर्देश
पब्लिक मंच, डबवाली (रवि मोंगा)
आगामी रबी सीजन में अनाज मंडी की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए मार्केट कमेटी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मार्केट कमेटी चेयरमैन सतीश जग्गा द्वारा एक-एक करके सभी खरीद केंद्रों के आढ़तियों और संबंधित पक्षों के साथ बैठकें की जा रही हैं, ताकि सीजन के दौरान किसानों, आढ़तियों और मजदूरों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इसी क्रम में कमेटी कार्यालय में लोहगढ़ के आढ़तियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में आढ़तियों ने पिछले वर्षों के रबी सीजन के अनुभव के आधार पर अपनी समस्याएं और सुझाव रखे। चेयरमैन सतीश जग्गा ने सभी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि सभी सकारात्मक सुझावों को इस बार लागू किया जाएगा ताकि खरीद व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके। उन्होंने व्यापारियों से ग्राम पंचायत लोहगढ़ के साथ समन्वय स्थापित कर खरीद केंद्र के लिए जमीन की लीज मार्केटिंग बोर्ड के नाम करवाने का आह्वान किया, ताकि लोहगढ़ खरीद केंद्र पर किसानों, आढ़तियों एवं मजदूरों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।
चेयरमैन ने आढ़तियों को निर्देश दिए कि किसानों के बैंक खातों का विवरण पोर्टल पर सही तरीके से दर्ज करवाना सुनिश्चित करें, ताकि फसल भुगतान में किसी प्रकार की बैंक संबंधी समस्या न आए। उन्होंने आढ़तियों से यह भी कहा कि सभी इलेक्ट्रॉनिक कांटों (वजन मशीनों) की समय पर कैलिब्रेशन करवाना सुनिश्चित करें, ताकि वजन में किसी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना न रहे और किसानों को अतिरिक्त वजन के कारण किसी प्रकार का नुकसान न उठाना पड़े। उन्होंने कहा कि मार्केट कमेटी किसानों, आढ़तियों और मजदूरों के हितों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और रबी सीजन को व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं।
इस दौरान सहायक सचिव ने बताया कि इस बार गेट पास से संबंधित नया नियम लागू किया गया है। इसके तहत फसल लेकर आने वाले वाहन की फोटो ली जाएगी, किसान या उसके प्रतिनिधि का बायोमेट्रिक किया जाएगा तथा गेट पास केवल जियो-फेंसिंग के अंतर्गत निर्धारित यार्ड या खरीद केंद्र क्षेत्र में ही जारी किया जाएगा। उन्होंने आढ़तियों से अपील की कि इन नियमों के बारे में किसानों को पहले से अवगत करवाएं ताकि अंतिम समय में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक का संचालन मार्केट कमेटी सदस्य एवं लोहगढ़ खरीद केंद्र समन्वयक कमलकांत दुरेजा ने किया। बैठक में मंडी सुपरवाइजर महावीर डूडी, तुला राम, जितेन्द्र, मैनपाल, आढ़ती शुभम लूणा, प्रवीण बब्बर, इंदरप्रीत मोंगा, संजय मिढ़ा, राहुल सचदेवा, हरीश छाबड़ा, डीसी बब्बर, सुखराज सिंह, दीपक सचदेवा, हरप्रीत सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।
दूसरी ओर प्रशासन भी अपने स्तर पर पूरी मुस्तैदी से प्रबंधन में जुटा है। कमेटी परिसर में एसडीएम अर्पित संघल आईएएस की अध्यक्षता में भी एक बैठक हुई। इसमें चेयरमैन सतीश जग्गा सहित खरीद एजेंसियों के अधिकारियों, ट्रांसपोर्टज, मार्केट कमेटी अधिकारियों तथा कच्चा आढ़तिया एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में रबी सीजन की तैयारियों और व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई तथा संभावित समस्याओं और बाधाओं पर चर्चा कर उनके समाधान पर विचार किया गया।

