पब्लिक मंच, डबवाली (रवि मोंगा)
हरियाणा राज्य भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की गतिविधियों में सिरसा जिले ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश भर में अपनी अलग पहचान बनाई है। सिरसा जिले की टीम ने मार्चपास्ट, कलर पार्टी, बैंड, यूथ फोरम, एथनिक फैशन शो, यूथ पार्लियामेंट और स्टेट एग्जिबिशन सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया। हरियाणा राज्य भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की प्रोग्राम एवं ट्रेनिंग कमेटी की वार्षिक बैठक में ग्रैंड फिनाले डायमंड जुबली जंबूरी लखनऊ तथा प्रथम रोवर-रेंजर जंबूरी रायपुर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिलों को सम्मानित किया गया। इनमें शानदार प्रदर्शन के लिए सिरसा जिले की टीम को विशेष रूप से सम्मान मिला। पंचकुला के सेक्टर-14 स्थित विद्युत भवन में आयोजित उपरोक्त बैठक की अध्यक्षता मानद राज्य सचिव डॉ. मनीराम शर्मा (आईएएस) ने की।
इस अवसर पर डॉ. मनीराम शर्मा ने टीम के सदस्य डॉ. इंद्रसेन, लखविंदर सिंह तथा डॉ. गुरदास सिंह सोनी को सम्मानित करते हुए कहा कि सिरसा जिले ने अनुशासन, प्रतिभा और उत्कृष्ट प्रशिक्षण का बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत किया है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मसीतां में कार्यरत भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के ज्वाइंट डीओसी डा. गुरदास सिंह सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह उपलब्धि जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता साई तथा जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विजय लक्ष्मी के मार्गदर्शन में संभव हो सकी। उन्होंने बताया कि उपरोक्त राज्य स्तरीय बैठक में पिछले वर्ष की गतिविधियों की समीक्षा की गई तथा आगामी वर्ष के प्रशिक्षण कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही विभिन्न जिलों की उपलब्धियों का आकलन करते हुए बेहतर कार्य करने वाली टीमों को प्रोत्साहित किया गया।
टीम के सिरसा लौटने पर जिला सचिव सुखदेव ढिल्लों, जिला संगठन आयुक्त गाइड ऊषा गुप्ता तथा जिला संगठन आयुक्त कब-बुलबुल मंजू सैनी ने टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सिरसा जिला लगातार उत्कृष्ट कार्य कर रहा है और भविष्य में भी प्रदेश में अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा।
