निष्काम परिवार ने नए सत्र की कार्यकारिणी के मुख्य पदाधिकारी घोषित किए, 'सुख-दुख में साथी' के संकल्प के साथ सेवा कार्य तेज करने का निर्णय
पब्लिक मंच, डबवाली (रवि मोंगा)
शहर की अग्रणी सामाजिक, धार्मिक संस्था निष्काम परिवार ने वर्ष 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए समाज सेवा के कार्यों को और अधिक गति देने का संकल्प लिया है। संस्था के संस्थापक व पुरुष विंग प्रभारी नगर पार्षद कृष्ण कामरा ने महिला संस्थापक एवं महिला विंग प्रभारी कमलेश कामरा के साथ विस्तृत विचार-विमर्श के बाद मुख्य पदाधिकारियों का मनोनयन किया।
घोषित कार्यकारिणी के अनुसार निष्काम परिवार पुरुष विंग में संजय मेहता को अध्यक्ष, डॉ. राजेश्वर वधवा को सचिव, राकेश मोंगा को कोषाध्यक्ष तथा परवीन मोंगा को सलाहकार की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी प्रकार महिला विंग में मिनाक्षी चुघ को अध्यक्ष, डॉ. अनिता वधवा को सचिव, विनय कुमारी को कोषाध्यक्ष तथा मंजु मोंगा को सलाहकार नियुक्त किया गया है। वहीं, गांव पन्नीवाला रूल्दू स्थित निष्काम परिवार शाखा के वर्तमान अध्यक्ष सतपाल चलाना को पुन: जिम्मेदारी सौंपते हुए संगठन को मजबूत करने का निर्णय लिया गया है।
सामाजिक सेवा तथा धार्मिक-सांस्कृतिक गतिविधियों को दिया जाएगा और विस्तार: कृष्ण कामरा
कृष्ण कामरा ने बताया कि इस बार पूरी टीम 'सुख-दुख में साथी निष्काम परिवार' के संकल्प के साथ नए सत्र की शुरुआत कर रही है। इसके तहत सामाजिक सेवा तथा धार्मिक-सांस्कृतिक गतिविधियों को और अधिक विस्तार दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही पुरुष विंग व महिला विंग की 16-16 सदस्यीय विस्तारित कार्यकारिणी तथा कीर्तन विंग की टीम की घोषणा भी सभी सदस्यों से सलाह-मशविरा करके कर दी जाएगी, ताकि संस्था के सेवा कार्य और अधिक प्रभावी ढंग से चलाए जा सकें।
