पब्लिक मंच, डबवाली (रवि मोंगा)
रिटायर्ड कर्मचारी संघ की मासिक बैठक डबवाली में लड़कों के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में संघ के ब्लॉक प्रधान सुखवंत सिंह चीमा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इसमें सेवानिवृत कर्मचारियों की लंबित मांगों और जमीनी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। बड़ी संख्या में रिटायर्ड कर्मचारियों ने बैठक में उपस्थिति दर्ज करवाई।
बैठक को संबोधित करते हुए सुखवंत सिंह चीमा ने कहा कि कर्मचारियों व पेंशनर्स को लंबे समय से एलटीसी की सुविधा मिल रही है लेकिन सरकार अब उसे खत्म करने की साजिश करने में लगी है। एलटीसी के बदले एक माह के वेतन का विकल्प उन कर्मचारियों के लिए राहत का माध्यम था जो पारिवारिक अथवा अन्य कारणों से यात्रा पर नहीं जा सकते थे। लेकिन सरकार कर्मचारियों व पेंशनर्स को हर चार वर्ष बाद मिलने वाली इस सुविधा को समाप्त कर रही है। इसके तहत सरकार द्वारा अब नए नियम लागू किए जा रहे हैं जोकि कर्मचारियों के हितों पर कुठाराघात है। इसे कर्मचारी व पेंशनर्स बर्दाश्त नहीं करेंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा लंबे समय से रिटायर्ड कर्मचारियों की मांगों की भी अनदेखी की जा रही है, जिसके चलते उन्हें आर्थिक व सामाजिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि संसद से पारित नया वित्त विधेयक 2025 सेवानिवृत कर्मचारियों को वेतन संशोधन के लाभ से वंचित करता है, जो उनके साथ अन्याय है। उन्होंने मांग की कि केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ की तर्ज पर 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पार करने पर क्रमश: 10, 15 और 20 प्रतिशत पेंशन वृद्धि लागू की जाए। साथ ही पेंशन को टैक्स फ्री किया जाए और महंगी होती स्वास्थ्य सेवाओं को देखते हुए मेडिकल भत्ता 3000 रुपये किया जाए। सभी बीमारियों के लिए कैशलेस मेडिकल सुविधा देने की भी मांग उठाई गई।
इस अवसर पर सलाहकार कालू राम मैहता पटवारी ने कहा कि रिटायर्ड कर्मचारियों को रेल यात्राओं में मिलने वाली 50 प्रतिशत छूट बंद कर दी गई है, जिसे तुरंत बहाल किया जाना चाहिए। सलाहकार निर्मल सिंह सुंधा ने कम्प्यूटेशन की कटौती अवधि 15 वर्ष से घटाकर 12 वर्ष करने, फैमिली पेंशन को एलटीसी सुविधा देने और कोरोना काल के 18 माह के डीए का भुगतान करने की मांग रखी।
सचिव गुरतेज सिंह पीजीटी ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को एसी बसों, रेल और हवाई जहाज में रियायती यात्रा सुविधा मिलनी चाहिए। उन्होंने निजी बसों में वरिष्ठ नागरिकों को मिलने वाले आधे किराए की सुविधा दोबारा लागू करवाने की भी मांग की। साथ ही हरियाणा सरकार से आग्रह किया कि रिटायर्ड कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सभी मांगों को जल्द पूरा किया जाए।
बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि संघ द्वारा सदस्यता अभियान चलाकर अधिक से अधिक रिटायर्ड कर्मचारियों को संगठन से जोड़ा जाएगा। बैठक में रि.हेडमास्टर सतीश कुमार, बलवंत सिंह ऑडिटर, उग्रसेन गर्ग, बृज लाल रि. हैड मास्टर, उपप्रधान राम प्रताप गोरीवाला, जगरूप सिंह (हरियाणा रोडवेज), सुरजीत सिंह डबवाली गांव, मदन लाल पंजाबी अध्यापक, सोहन सिंह सहित अनेक कर्मचारी नेता उपस्थित रहे।
