पब्लिक मंच नेटवर्क, डबवाली
बाल मंदिर मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने हार्टफुलनेस निबंध आयोजन 2025 में उत्साहपूर्वक भाग लेकर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में विद्यालय परिसर में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को प्रशंसा प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
यह प्रतिष्ठित आयोजन हार्टफुलनेस एजुकेशन ट्रस्ट एवं श्रीराम चंद्र मिशन द्वारा आयोजित किया गया, जो पिछले 31 वर्षों से विद्यार्थियों में आत्मचिंतन, सकारात्मक सोच, मानवीय मूल्य एवं चरित्र निर्माण को प्रोत्साहित करने का कार्य कर रहा है। वर्ष 2025 के इस आयोजन में 12 भाषाओं में देशभर से कुल 1,55,981 प्रविष्टियाँ प्राप्त हुईं, जिनमें बाल मंदिर विद्यालय के 114 विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। विद्यालय की इस उत्कृष्ट भागीदारी के आधार पर विद्यालय को कांस्य श्रेणी प्रमाण पत्र से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पवन शारदा, सी.एल. मिढ़ा, अरुण कुमार, शशिकांत शर्मा , सुरेंद्र मित्तल, बाल वाटिका के अध्यक्ष अरूण जिंदल तथा बाल मंदिर विद्यालय के अध्यक्ष नीरज जिंदल विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों को प्रशंसा प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उनके प्रयासों की सराहना की।
विद्यालय को प्राप्त कांस्य श्रेणी प्रमाण पत्र हार्टफुलनेस एजुकेशन ट्रस्ट की ओर से प्रदान किया गया, जिसे संस्था के प्रतिनिधियों द्वारा विद्यालय के शैक्षणिक सलाहकार सुरेंद्र कुमार कौशिक को विधिवत रूप से सौंपा गया। वहीं विद्यालय की समन्वयक आराधना मित्तल को भी विशेष रूप से प्रशंसा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पवन शारदा जी ने अपने प्रेरणादायक विचार व्यक्त करते हुए कहा कि हार्टफुलनेस जैसे आयोजन विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच, अनुशासन एवं जीवन मूल्यों का विकास करते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए अधिक से अधिक सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के शैक्षणिक सलाहकार सुरेंद्र कुमार कौशिक ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी वर्ष में और अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित कर विद्यालय स्वर्ण श्रेणी प्रमाण पत्र प्राप्त करेगा।
विद्यालय अध्यक्ष नीरज जिंदल ने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
समारोह अत्यंत गरिमामय, प्रेरणादायक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ, जहाँ विद्यार्थियों ने अपने सम्मान को प्राप्त कर गर्व एवं आनंद की अनुभूति की।
