पब्लिक मंच नेटवर्क, डबवाली (रवि मोंगा)
पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का सशक्त अभियान बनाने के उद्देश्य से नगर की अग्रणी सामाजिक संस्था वरच्युस क्लब ने अपने स्थायी प्रकल्प 'पेड़-पौधा बैंक' के तहत वर्ष 2026 के पौधारोपण अभियान का शुभारंभ सोमवार को राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्मार्ट स्कूल, मंडी किलियांवाली से किया। अभियान के पहले चरण में क्लब सदस्यों ने विद्यालय परिवार के सहयोग से परिसर में बरगद, गुड़हल, चंपा, मोरपंखी, ब्लू, मधूकामिनी, पीला टैकोमा, पैंसिल लाइन सहित छायादार, औषधीय एवं पर्यावरण हितैषी प्रजातियों के लगभग 75 पौधे रोपित किए। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधों के नियमित संरक्षण एवं संवर्धन का भी संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर क्लब के संस्थापक केशव शर्मा ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, घटते वन क्षेत्र और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए पौधारोपण आज केवल एक सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसे पेड़ बनने तक उसकी देखभाल करने का संकल्प लें।
क्लब के प्रधान एवं प्रोजेक्ट चैयरमेन डाक्टर बीर चंद गुप्ता ने कहा कि किसी भी पौधारोपण अभियान की वास्तविक सफलता पौधे लगाने में नहीं, बल्कि उन्हें जीवित रखकर वृक्ष बनने तक उनकी नियमित देखभाल करने में है। उन्होंने कहा कि वरच्युस क्लब का 'पेड़-पौधा बैंक' प्रकल्प केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि लगाए गए प्रत्येक पौधे की समय-समय पर निगरानी एवं संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि क्लब द्वारा पिछले वर्ष भी इसी विद्यालय में 25 पौधे लगाए गए थे। विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं समस्त स्टाफ ने उन पौधों की पूरे वर्ष अत्यंत समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ देखभाल की, जिसके परिणामस्वरूप आज सभी पौधे स्वस्थ रूप से विकसित हो चुके हैं। क्लब ने विद्यालय परिवार के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बताया।
इस संबंध में जानकारी वरच्युस क्लब के पीआरओ. भारत वधवा ने बताया कि इस प्रकार के अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ा जाएगा।
विद्यालय की प्रधानाचार्य कंवलप्रीत कौर सिद्धू ने वरच्युस क्लब का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में क्लब द्वारा किया जा रहा यह कार्य अत्यंत सराहनीय है। स्कूल कैंपस मैनेजर जितेन्द्र शर्मा ने विश्वास दिलाया कि इस वर्ष लगाए गए सभी पौधों की भी विद्यालय परिवार पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी से देखभाल करेगा, ताकि आने वाले वर्षों में विद्यालय परिसर और अधिक हरा भरा एवं स्वच्छ बन सके।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई तथा उन्हें अपने घर, खेत, मोहल्ले और आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर स्कूल के एनसीसी कैडेट्स का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में संजीव शाद, तरसेम गर्ग, प्रणव ग्रोवर, संतोष शर्मा, सुमित अनेजा, मनोज शर्मा, परमजीत कोचर, नरेश शर्मा, ज्ञानी ज्ञान सिंह, हरदेव गोरखी, प्राध्यापक जगनदन सिंह, बलविंदर सिंह, विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया।

