लाइफ गवर्नर अपैक्सियन एस. एस.जौड़ा ने दिलाई शपथ, , सात नए सदस्य भी शामिल किए
पब्लिक मंच नेटवर्क, डबवाली (रवि मोंगा)
लेडीज़ एपेक्स क्लब (लेडिज) की आम सभा एक स्थानीय रेस्टोरेंट में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, सभा में क्लब की नई कार्यकारिणी के पद ग्रहण समारोह और नए सदस्यों के सदस्यता शपथ एवं स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। सर्वसम्मति से क्लब की मौजूदा कार्यकारिणी पर पुनः विश्वास व्यक्त करते हुए एपेक्सियन मीरा जग्गा को प्रधान, सीमा वर्मा उपप्रधान, रिंकी बांसल सचिव, प्रियंका शर्मा कोषाध्यक्ष एवं वीना गोगिया को जनसंपर्क अधिकारी (PRO) के पद पर यथावत रखा गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्लब सचिव एपेक्सियन रिंकी बांसल द्वारा एपेक्स के आदर्शों (Apex Ideals) के वाचन के साथ किया गया। इसके उपरांत लाइफ गवर्नर एपेक्सियन एस.एस. जौड़ा की अगुवाई में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में सात नए सदस्यों को क्लब की सदस्यता की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि एपेक्स क्लब केवल एक संगठन नहीं, बल्कि सेवा, मित्रता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सशक्त बनाने का एक सशक्त मंच है। उन्होंने नए सदस्यों से क्लब की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर एपेक्स डिस्ट्रिक्ट की ओर से विशिष्ट अतिथि के तौर पर डिस्ट्रिक्ट सर्विस डायरेक्टर भारत भूषण वधवा उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी एवं सभी सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह समारोह केवल नए दायित्वों को ग्रहण करने का अवसर नहीं है, बल्कि सेवा, नेतृत्व और सामाजिक परिवर्तन के एक नए अध्याय का शुभारंभ है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि क्लब के ऊर्जावान सदस्यों की संवेदनशीलता, समर्पण और सेवा-भाव समाज में सकारात्मक बदलाव की नई मिसाल स्थापित करेंगे। उन्होंने महिलाओं की सामाजिक जागरूकता, नेतृत्व क्षमता और सेवा कार्यों में बढ़ती भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि संगठित प्रयासों से समाज में व्यापक परिवर्तन लाया जा सकता है।
क्लब प्रधान मीरा जग्गा ने वर्ष भर की गतिविधियों एवं उपलब्धियों पर आधारित वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा क्लब द्वारा किए गए विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं सेवा कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने सभी सदस्यों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए आगामी वर्ष में और अधिक प्रभावी सेवा परियोजनाओं के संचालन का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान नए सदस्यों का स्वागत किया गया तथा सभी ने क्लब को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने का संकल्प लिया। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंत में क्लब सदस्यों द्वारा लाइफ़ गवर्नर अपैक्सियन एस. एस. जौड़ा, लाइफ़ मैंबर एवं एडवाइजर डिस्ट्रिक्ट बोर्ड अपैक्सियन उर्मिल जौड़ा, डिस्ट्रिक्ट बोर्ड मैंबर भारत भूषण वधवा को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अपैक्सियन रिपुदमन शर्मा, सरिता गुप्ता, सीमा गुप्ता, ललिता मुंजाल, सिमरण शाही, मंजीत कौर, हरजीत कौर, पंकज गर्ग, सविता चौधरी, सुनीता अनेजा किरण मैहता,अनु मिढ़ा,सविता सचदेवा, अनिता सेठी उपस्थित रहे।
