पब्लिक मंच नेटवर्क, डबवाली । (रवि मोंगा)
जय श्री राम नगर नाट्यशाला की रामलीला में सोमवार रात नवदुर्गा की भव्य झांकी प्रस्तुत की गई। इसके साथ ही अंगद का पांव जमाने और लक्ष्मण मूर्च्छा के भावपूर्ण प्रसंगों का मंचन हुआ। रामलीला में विशेष रूप से पहुंचीं एसपी जसलीन कौर आईपीएस और एसडीएम योगेश दिल्हौर ने जहां कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना की, वहीं मंच से नशे जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान भी किया। डीएसपी योगेश कटारिया, थाना शहर प्रभारी अवतार सिंह व अन्य गणमान्य भी मौजूद रहे। हरियाणा बीज विकास निगम के चेयरमैन देवकुमार शर्मा भी विशेष तौर पर शामिल हुए।
प्रसिद्ध रंगकर्मी संजीव शाद ने एसपी जसलीन कौर और एसडीएम योगेश दिल्हौर के नेतृत्व में पंडाल में उपस्थित दर्शकों को नशा न करने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग देने की शपथ दिलाई। धार्मिक आयोजन के मंच से दिए गए इस संदेश ने रामलीला को सामाजिक जागरूकता से जोड़ दिया।
संबोधन में एसपी जसलीन कौर ने जय श्री राम नगर नाट्यशाला के पदाधिकारियों और कलाकारों को शानदार आयोजन तथा प्रभावशाली अभिनय के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि दशहरा पर्व पर रावण दहन बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। वर्तमान समय में नशा समाज के सामने एक बड़ी चुनौती है, जिसका दुष्प्रभाव युवाओं, परिवारों और सामाजिक व्यवस्था पर पड़ता है। इस बुराई को समाप्त करने के लिए प्रशासन के साथ-साथ आमजन की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे रामलीला से नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प लेकर जाएं और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे प्रयासों में बढ़-चढ़कर सहयोग करें।
अंगद का पांव और लक्ष्मण मुर्च्छा के दृश्यों ने बांधा समां:
मीडिया प्रभारी रवि मोंगा व सचिव सुनील सेठी ने बताया कि रामलीला में नवदुर्गा की झांकी का पूजन डॉ. सौरभ अरोड़ा, कश्मीरी लाल गर्ग, प्रिंस ग्रोवर, वीनू ग्रोवर और स्नेह गोयल ने किया। इसके बाद अंगद द्वारा रावण के दरबार में पांव जमाने और लक्ष्मण मूर्च्छा के प्रसंगों का मंचन किया गया। कलाकारों ने संवादों और अभिनय के माध्यम से इन दृश्यों को प्रभावशाली बनाया। रामलीला देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे। धार्मिक प्रस्तुति के साथ नशामुक्ति का संदेश इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहा।

