पब्लिक मंच नेटवर्क, डबवाली । (रवि मोंगा)
अशोक वढेरा सरस्वती शिशु वाटिका प्ले स्कूल में आज विजयदशमी का पर्व और दुर्गा अष्टमी बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर स्कूल परिसर को रंग बिरंगे फूलों से सजाया गया था।कार्यक्रम की शुरुआत नवरात्रि झांकी से हुई। नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा माता जी के नौ रूपों को दर्शाया गया। बच्चों ने पारंपरिक वेशभूषा में गरबा और डांडिया नृत्य भी किया। इसके बाद बच्चों ने राम, सीता, लक्ष्मण, हनुमान और रावण के रूप में सुंदर झांकी प्रस्तुत की। बच्चों ने रामायण की कथा पर आधारित छोटा सा नाटक भी प्रस्तुत किया।
स्कूल प्रबंधक सुनील जिंदल, अमृतपाल, मुख्याध्यापिका मोनिका धमीजा और नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा दशहरा पर्व मनाते हुए रावण दहन किया गया। जैसे ही रावण का पुतला जला, पूरा परिसर "जय श्री राम" के जयकारों से गूंज उठा। स्कूल के प्रबंधक द्वारा "बुराई पर अच्छाई की जीत" का संदेश दिया गया।
मुख्याध्यापिका मोनिका धमीजा ने बच्चों को दुर्गा अष्टमी और दशहरा पर्व का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि दशहरा हमें सिखाता है कि हमें हमेशा सत्य और अच्छाई के मार्ग पर चलना चाहिए और अपने अंदर के अहंकार, क्रोध को जलाना चाहिए।



